डेली संवाद, जालंधर। Canada News: कनाडा के सरी शहर में पंजाबी मूल के युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने दोनों पर उस समय हमला किया, जब वे लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार में बैठकर वॉलमार्ट के सामने पार्किंग में मौजूद थे। हमलावरों ने कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की सेडान कार को आग लगाकर फरार हो गए। कनाडा पुलिस ने शुरुआती जांच में इस वारदात को टारगेटेड किलिंग बताया है। पुलिस को संगठित अपराध से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इसे आधिकारिक तौर पर गैंगवार घोषित नहीं किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
वॉलमार्ट के सामने कार में बैठे थे युवक-युवती
जानकारी के मुताबिक, रविवार (15 नवंबर) रात करीब 10:38 बजे कनाडा के सरी शहर में 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू पर स्थित वॉलमार्ट के सामने पार्किंग में एक लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार खड़ी थी। कार में 23 वर्षीय पंजाबी युवक और 24 वर्षीय युवती मौजूद थे।
इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलीबारी में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोलीबारी के 13 मिनट बाद सफेद कार में लगाई आग
इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) के मुताबिक, गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद रात 10:51 बजे प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद रंग की सेडान कार में आग लगने की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
पुलिस को शक है कि इस कार का इस्तेमाल हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए किया था। आशंका जताई जा रही है कि सबूत मिटाने के इरादे से आरोपियों ने कार को आग के हवाले किया। पुलिस इस कार की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया टारगेटेड किलिंग, संगठित अपराध के संकेत
मामले की जांच IHIT की टीम कर रही है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह हमला टारगेटेड यानी पहले से निशाना बनाकर किया गया हमला प्रतीत होता है। जांच अधिकारियों को इसके पीछे संगठित अपराध से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक युवक पहले हथियारों और फायरआर्म्स से जुड़े एक मामले में पुलिस की जानकारी में था। हालांकि, इस जानकारी के आधार पर हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
दोनों डेल्टा इलाके के रहने वाले थे
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक और युवती दोनों पंजाबी मूल के थे और डेल्टा इलाके में रहते थे। युवक की पहचान कर उसके परिवार को सूचना दे दी गई है, जबकि युवती की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, युवक के पिता ने युवती को अपने बेटे की गर्लफ्रेंड बताया है।
कैलगरी से लौट रहे पिता को मिली बेटे की हत्या की खबर
मृतक युवक के पिता ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में बताया कि वह ट्रक ड्राइवर हैं और घटना के समय कैलगरी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर बेटे की हत्या की जानकारी मिली।
पिता ने बताया कि उन्हें यह भी पता नहीं था कि बेटे के शव को कहां ले जाया गया है। उन्होंने अपने बेटे को आखिरी बार देखने की इच्छा जताई। परिवार के मुताबिक, युवक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में एक छोटा भाई और बहन हैं।
पुलिस ने CCTV और डैशकैम फुटेज मांगी
कनाडा पुलिस ने वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आम लोगों से मदद मांगी है। पुलिस ने अपील की है कि घटना के समय आसपास मौजूद जिन लोगों के पास CCTV या डैशकैम की फुटेज है, वे जांच टीम के साथ साझा करें।
पुलिस ने जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1-877-551-4448 और ईमेल [email protected] जारी किया है।फिलहाल पुलिस दोनों हत्याओं के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और सफेद कार की भूमिका की जांच कर रही है।