Skip to content

Accident News: UAE में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने 23 गाड़ियों को रौंदा, 14 की मौत; 3 भारतीय भी शामिल

UAE के फुजैराह में भीषण ट्रक हादसे में 14 लोगों की मौत और 30 घायल। मृतकों में केरल के एक ही परिवार के तीन भारतीय शामिल, जुड़वा भाई-बहन की भी मौत।

Accident News: UAE में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने 23 गाड़ियों को रौंदा, 14 की मौत; 3 भारतीय भी शामिल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, फुजैराह। Accident News: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर चल रहे और खड़े 23 वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, जो केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। हादसे में जुड़वा भाई-बहन की भी जान चली गई।

ट्रक की टक्कर के बाद 23 वाहनों में लगी आग

UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, हादसा फुजैराह शहर के एंट्री रूट पर आधी रात से कुछ समय पहले हुआ। उस समय सड़क पर ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पहले एक वाहन से टकराया और इसके बाद पलटकर सड़क पर धीमी गति से चल रहे और रुके हुए वाहनों से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कई गाड़ियों में आग लग गई। आग तेजी से आसपास के वाहनों तक फैल गई। इस हादसे में कुल 23 वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें 18 कारें और 5 ट्रक शामिल थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने आग पर काबू पाने के साथ घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

केरल के एक ही परिवार के तीन भारतीयों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीन भारतीय नागरिक केरल के मलप्पुरम जिले के एक ही परिवार से थे। मृतकों की पहचान मुहम्मद अस्मिल, उनकी जुड़वा बहन मिस्ना जुबिन और मुहम्मद फैज के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

हादसे में कई शव बुरी तरह जल गए हैं, जिसके चलते मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच कराई जा रही है। इस घटना से केरल में शोक की लहर है।

7 देशों के नागरिकों ने गंवाई जान, 30 घायल

UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार, हादसे में मारे गए 14 लोगों में सात देशों के नागरिक शामिल हैं। इनमें UAE, ओमान, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं।

हादसे में घायल 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से करीब आधे लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

केरल सरकार ने पीड़ित परिवार की मदद के दिए निर्देश

हादसे में तीन भारतीयों की मौत के बाद केरल सरकार ने पीड़ित परिवार की सहायता के लिए कदम उठाए हैं। केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने संबंधित अधिकारियों को परिवार को हर जरूरी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। दूतावास ने कहा है कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। इस भीषण हादसे ने UAE में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले खतरों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।