डेली संवाद, शिकागो। Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी का असर अब भारत की हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार सुबह दिल्ली से उड़ान भरने वाली स्पाइसजेट की 3 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जबकि दरभंगा और मुंबई जाने वाली 2 उड़ानें देरी से रवाना हुईं।
इस तकनीकी समस्या के चलते दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है। इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों को संभावित देरी और तकनीकी समस्याओं को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस करीब 15 घंटे से प्रभावित
वहीं, एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उसकी उड़ानों के संचालन पर इस खराबी का कोई असर नहीं पड़ा है।दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाएं करीब 15 घंटे से प्रभावित हैं। इसके कारण ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और क्लाउड पर फाइल सेव करने जैसे जरूरी काम बाधित हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इस तकनीकी खराबी का असर केवल कंपनियों और दफ्तरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्कूलों, अस्पतालों और कई देशों के सरकारी कामकाज पर भी पड़ा है। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक को लेकर दुनियाभर से 1.40 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।
माइक्रोसॉफ्ट की कौन-कौन सी सर्विस हुईं प्रभावित?
माइक्रोसॉफ्ट की कई लोकप्रिय और महत्वपूर्ण सेवाओं में तकनीकी दिक्कत सामने आई है। इनमें शामिल हैं:
Microsoft Outlook: ईमेल भेजने और प्राप्त करने में परेशानी।
Microsoft Teams: ऑनलाइन मीटिंग और चैट प्रभावित।
SharePoint Online: फाइल शेयरिंग और सहयोग से जुड़े काम प्रभावित।
Microsoft 365 Copilot: AI आधारित सेवाओं में दिक्कत।
Microsoft Defender: साइबर सुरक्षा सेवाओं पर असर।
Microsoft Planner: प्रोजेक्ट और टास्क मैनेजमेंट प्रभावित।
Exchange Online: ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर में परेशानी।
भारत में स्पाइसजेट की 3 फ्लाइट्स रद्द
माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी का असर भारतीय विमानन सेवाओं पर भी देखने को मिला। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट को दिल्ली से पुणे, लेह और मुंबई जाने वाली तीन उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा दरभंगा और मुंबई जाने वाली दो अन्य उड़ानों में देरी हुई।
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें। इंडिगो और अकासा एयर ने भी यात्रियों को एडवाइजरी जारी की है।
एयर इंडिया ने कहा- उड़ानों पर कोई असर नहीं
एयर इंडिया ने बताया कि वह माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस में आई तकनीकी समस्या पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल उसकी फ्लाइट ऑपरेशन और कम्युनिकेशन चैनल सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
यात्रियों के ईमेल लगातार प्राप्त होते रहें, इसके लिए कंपनी ने ईमेल ट्रैफिक को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते से भेजने की व्यवस्था की है।
कितने देशों में फैली तकनीकी खराबी?
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, भारतीय समय के मुताबिक गुरुवार रात करीब 9:45 बजे माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में खराबी शुरू हुई।
इसके एक घंटे के भीतर ही इसका असर दुनिया के 74 देशों तक फैल गया। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे आउटलुक से जुड़ी शिकायतों की संख्या 1.40 लाख तक पहुंच गई। यह सामान्य स्तर से लगभग 2,000 गुना अधिक बताई गई।
आखिर क्यों ठप हुई माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस?
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, इस तकनीकी खराबी की वजह सॉफ्टवेयर का गलत तरीके से अपडेट होना है। कंपनी ने शुरुआती जानकारी में साइबर अटैक या हैकिंग को इसकी वजह नहीं बताया है।
यह घटना जुलाई 2024 में हुई क्राउडस्ट्राइक (CrowdStrike) की तकनीकी गड़बड़ी की याद दिलाती है। उस समय एक खराब सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण दुनियाभर में लाखों कंप्यूटर सिस्टम प्रभावित हुए थे।
सर्विस बहाल होने में क्यों लग रहा है समय?
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि समस्या को ठीक करने के लिए किए गए शुरुआती बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं। कंपनी अब दूसरे तकनीकी तरीकों की टेस्टिंग कर रही है, ताकि सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना यूजर्स को दोबारा सेवाओं से जोड़ा जा सके।
43 करोड़ से ज्यादा लोग करते हैं Microsoft 365 का इस्तेमाल
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर दुनियाभर के करोड़ों लोग और कंपनियां निर्भर हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया में 43 करोड़ से ज्यादा लोग Microsoft 365 एप्स का इस्तेमाल करते हैं।
इसके अलावा करीब 30 से 40 लाख कंपनियां अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए Microsoft 365 पर निर्भर हैं। दुनिया की 90 प्रतिशत से ज्यादा Fortune 500 कंपनियां भी माइक्रोसॉफ्ट के AI चैटबॉट Copilot का इस्तेमाल करती हैं।
टेक एक्सपर्ट्स ने जताई बड़ी चिंता
ऑस्ट्रेलिया के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ ट्रॉय हंट के मुताबिक, इस तरह की तकनीकी खराबी का असर सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स तक सीमित नहीं रहता। इससे ऑफिस का काम, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, ईमेल वेरिफिकेशन, OTP आधारित खरीदारी, नए अकाउंट बनाने और पुरानी डिजिटल सेवाओं तक पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है।
माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी खराबी ने एक बार फिर दिखा दिया है कि दुनियाभर का डिजिटल सिस्टम कुछ बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों की सेवाओं पर कितना निर्भर हो चुका है।