डेली संवाद, जालंधर। Canada News: कनाडा के ओंटारियो स्थित किचनर शहर के एक गुरुद्वारा साहिब में पुलिसकर्मियों के जूते पहनकर दाखिल होने का मामला सामने आया है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिख संगत में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
लोगों ने गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा के उल्लंघन पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के रवैये को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। घटना 14 नवंबर की बताई जा रही है। इस मामले में एक सिख युवती ने गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि कमेटी ने पुलिस को जूते पहनकर गुरुद्वारा साहिब के अंदर आने से नहीं रोका।
गुरुद्वारे में चल रही थी प्रबंधन कमेटी की मीटिंग
इसके अलावा युवाओं की आवाज दबाने और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को किचनर स्थित गुरुद्वारा साहिब में प्रबंधन कमेटी की बैठक चल रही थी। इसमें बड़ी संख्या में संगत और स्थानीय लोग शामिल हुए थे।
बैठक के बाद कमेटी की ओर से कुछ नए या संशोधित नियम पास किए जाने की चर्चा थी। इन प्रस्तावित नियमों को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों, खासकर युवाओं ने विरोध जताया। देखते ही देखते कमेटी के सदस्यों और युवाओं के बीच बहस शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने युवाओं को गुरुद्वारे से बाहर निकाला
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस गुरुद्वारा साहिब पहुंची और स्थिति को संभालते हुए विरोध कर रहे युवाओं को बाहर निकाल दिया। इसी दौरान पुलिसकर्मी जूते पहनकर गुरुद्वारे के अंदर दाखिल हुए।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिस अधिकारी को गुरुद्वारे के गलियारे और मुख्य दीवान हॉल में जूते पहनकर चलते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान संगत कालीन पर बैठी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद धार्मिक मर्यादा को लेकर विवाद बढ़ गया है।
सिख युवती ने प्रबंधन कमेटी पर लगाए गंभीर आरोप
इस घटना को लेकर एक सिख युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी पर सवाल उठाए हैं। युवती का आरोप है कि कमेटी ने पुलिस को गुरुद्वारा साहिब के अंदर जूते पहनकर आने से नहीं रोका, जो गुरु घर की मर्यादा के खिलाफ है। युवती ने दावा किया कि गुरुद्वारे में युवाओं की भागीदारी को सीमित करने की कोशिश की जा रही है।
उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे डराने और चुप करवाने का प्रयास किया गया। युवती ने कहा कि गुरु घर में युवाओं को डराने-धमकाने की राजनीति नहीं चलने दी जाएगी। उसने स्पष्ट किया कि वह अपनी आवाज उठाती रहेगी और किसी दबाव में नहीं आएगी।
SGPC सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने उठाए सवाल
इस मामले पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (SGPC) के सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब या किसी भी धार्मिक स्थल के परिसर में जूते पहनकर जाना उचित नहीं है, चाहे वह पुलिसकर्मी हो या कोई अन्य व्यक्ति। ग्रेवाल ने कहा कि उन्हें घटना के पीछे के सटीक कारणों की जानकारी नहीं है, लेकिन धार्मिक स्थल की मर्यादा और पवित्रता का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कनाडा की संबंधित गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी से सामने आकर जवाब देने की मांग की। उनका कहना है कि कमेटी को स्पष्ट करना चाहिए कि पुलिस को गुरुद्वारे के अंदर क्यों बुलाया गया, जूते पहनकर प्रवेश कैसे हुआ और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
गुरुद्वारा कमेटी और पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस पूरे विवाद के बीच गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, किचनर पुलिस की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और युवती के आरोपों के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजरें गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी और स्थानीय पुलिस के आधिकारिक जवाब पर टिकी हैं।