Skip to content

Punjab News: पंजाब में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, 13 साल की बच्ची का मामा ने किया यौन उत्पीड़न; केस दर्ज

ग्यासपुरा में 13 साल की बच्ची को चॉकलेट में नशीला पदार्थ देने और यौन उत्पीड़न का आरोप। मोहम्मद कैफ पर BNS और POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज।

Punjab News: पंजाब में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, 13 साल की बच्ची का मामा ने किया यौन उत्पीड़न; केस दर्ज
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में नाबालिग बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। ग्यासपुरा इलाके में 13 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर गलत हरकत करने के आरोप में पुलिस ने उसकी सौतेली मां के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया और उसकी हालत बिगड़ने के बाद उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मई 2026 में लुधियाना आई थी बच्ची

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, यह घटना मई 2026 की है। उस समय बच्ची अपने परिवार के साथ लुधियाना आई थी। परिवार ग्यासपुरा इलाके में बच्ची की सौतेली मां के मायके में ठहरा हुआ था।

आरोप है कि इसी दौरान सौतेली मां के भाई मोहम्मद कैफ ने बच्ची को अकेला पाकर उसे चॉकलेट दी। शिकायत में दावा किया गया है कि चॉकलेट में नशीला पदार्थ मिलाया गया था।

चॉकलेट खाने के बाद बिगड़ी बच्ची की हालत

शिकायत के अनुसार, चॉकलेट खाने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगी। आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके कपड़े उतारे और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

घटना के बाद बच्ची परिवार के साथ वापस लौट गई। कुछ समय बाद उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।

परिवार को बताई आपबीती, दिल्ली में दर्ज हुई जीरो FIR

मामले में 22 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के मेट्रो पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज करवाई गई। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP), मेट्रो दिल्ली ने मामले को आगे की कार्रवाई के लिए लुधियाना पुलिस के पास भेज दिया।

मामला लुधियाना पहुंचने के बाद 14 नवंबर को थाना साहनेवाल पुलिस ने न्यू अंबेडकर नगर निवासी मोहम्मद कैफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 351(2), 123 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

मामले की आगे की जांच एएसआई सुखदीप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।