डेली संवाद, नई दिल्ली। Arjun Ram Meghwal: आज मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल हुआ है। अब तक कानून मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) के मंत्रालय में बदलाव किया गया है। उनके स्थान पर अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) को कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। किरेन रिजिजू को अब पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय दिया गया है।
कौन है अर्जुन राम मेघवाल?
अर्जुन राण मेघवाल का जन्म 7 दिसंबर 1954 में हुआ था। उन्होंने राजनीति सफर की शुरुआत 2009 में की थी। जब भाजपा के टिकट पर बीकानेर लोकसभा से पहला चुनाव जीता था। इसके बाद वह 2014 के लोकसभा चुनाव में दूसरी बार सांसद निर्वाचित हुए। वह एक ऐसे नेता है जिन्होंने अपनी सादगी और पहचान को ज्यादा महत्व दिया है।
राजस्थान की पगड़ी को सिर पर हमेशा सजाए रखने वाले मेघवाल का बचपन काफी संघर्ष भरा रहा है। किशमीदेसर गांव के एक पारंपरिक बुनकर परिवार में उनका जन्म हुआ था। पढ़ाई के साथ-साथ वह बचपन से अपने पिता की बुनकरी में मदद करते थे। मेघवाल की शादी महज 13 साल की उम्र में हो गई थी।
ये भी पढ़ें: डीसी की बड़ी कार्रवाई, KP Tour & Travels का दफ्तर करवाया बंद
उनकी पढ़ाई में इतनी दिलचस्पी थी कि उन्होंने शादी के बाद भी अपनी पढ़ाई नहीं छोड़ी थी। कॉलेज की पढ़ाई करने के बाद मेघवाल ने सरकारी एग्जाम के लिए तैयारी करना शुरू कर दिया था। उनको शुरुआत से ही जनता के हित में काम करना था। कुछ एक बार परीक्षाएं देकर उन्हें भारत डाक विभाग में टेलीफोन ऑपरेटर की नौकरी भी मिल गई थी।
इसी के बाद उनका राजनीतिक जीवन भी शुरू हुआ, जब उन्होंने टेलीफोन ट्रैफिक एसोसिएशन का चुनाव लड़ा था और जीत भी हासिल की थी। अर्जुन राम मेघवाल प्रशासनिक अधिकारी भी रह चुके हैं। राजनीति में आने से पहले अर्जुन राम मेघवाल राजकीय सेवा में थे। वे 1982 में राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए।
ये भी पढ़ें: डीसी की बड़ी कार्रवाई, KP Tour & Travels का दफ्तर करवाया बंद
उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिश्चन्द्र भाभा के ओएसडी के रूप में भी काम किया है। इतना ही नहीं आरएएस से पदोन्नत होकर मेघवाल आईएएस बने और चूरू जिला कलेक्टर भी रहे। बताया जाता है कि उनको सरकार की तरफ से कार दी गई है, लेकिन वह इसका इस्तेमाल करने की बजाय साइकिल से चलना ज्यादा पसंद करते हैं। वह शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति भवन भी साइकिल से ही पहुंचे थे।