डेली संवाद, लुधियाना।
Punjab News: पंजाब में सत्ताधारी विधायक की बहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। लुधियाना की साउथ विधानसभा सीट से विधायक राजिंदरपाल कौर छीना के परिवार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। विधायक के पति हरप्रीत सिंह की शिकायत पर उनकी बहू समेत आठ लोगों के खिलाफ थाना डाबा में चोरी और इमिग्रेशन फ्रॉड का केस दर्ज किया गया है।
पंजाब
(Punjab)
के लुधियाना (Ludhiana) से विधायक राजिंदरपाल कौर छीना की बहू से जुड़े इस मामले में ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि बहू ने न केवल अपने पति का ऑस्ट्रेलिया में भविष्य खराब किया, बल्कि ससुराल से लाखों रुपए का सोना और कीमती सामान भी परिजनों की मदद से चोरी कर लिया।
[caption id="attachment_80150" align="aligncenter" width="1200"]
Australia News[/caption]
जांच के बाद मामला दर्ज
इस मामले में शिकायत दर्ज होने के करीब 24 दिन बाद एसीपी स्तर की जांच रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 406 (आपराधिक न्यासभंग), 420 (धोखाधड़ी), 380 (घर में चोरी) और 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
विधायक राजिंदरपाल कौर छीना और उनके पति हरप्रीत सिंह ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने इसे पारिवारिक मामला बताते हुए मीडिया से अधिक टिप्पणी करने से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
एसीपी जांच के बाद दर्ज हुआ मामला
यह मामला 13 जनवरी को हरप्रीत सिंह द्वारा दी गई शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत के आधार पर एसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने जांच की। अपनी रिपोर्ट में उन्होंने उल्लेख किया कि जांच के दौरान आरोपी पक्ष को कई बार बुलाया गया, लेकिन कोई भी आरोपी अपना पक्ष रखने के लिए पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ। इसके बाद 5 फरवरी को थाना डाबा में एफआईआर दर्ज की गई।
एफआईआर में नवनीत कौर, उसके पिता तेजा सिंह नागरा, माता हरपाल कौर नागरा (निवासी मोहाली), पटियाला निवासी काका सिंह और फैलेल सिंह, संगरूर निवासी अमर सिंह नागरा तथा सुखदेव सिंह पटवारी और उसकी पत्नी को आरोपी बनाया गया है।
[caption id="attachment_75276" align="aligncenter" width="1200"]
Australia Visa[/caption]
विदेश बसाने पर खर्च हुए 50 लाख
शिकायतकर्ता हरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके बेटे नवकीरनजीत सिंह की शादी वर्ष 2013 में नवनीत कौर से हुई थी। शादी इस शर्त पर की गई थी कि दोनों ऑस्ट्रेलिया में बसेंगे। आरोप है कि नवनीत कौर ने पहले खुद पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया जाने और बाद में पति को स्पाउस वीजा पर बुलाकर पीआर (परमानेंट रेजिडेंसी) दिलवाने का भरोसा दिया था।
इस भरोसे पर परिवार ने नवनीत कौर की विदेश यात्रा, कॉलेज फीस और अन्य खर्चों पर करीब 50 लाख रुपए खर्च किए। शादी के बाद दोनों ऑस्ट्रेलिया चले गए और वहां पीआर के लिए आवेदन किया गया।
सोना और कीमती सामान चोरी का आरोप
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान नवनीत कौर के माता-पिता और अन्य रिश्तेदार लुधियाना स्थित ससुराल आए और घर में रखी अलमारी से करीब 20 तोले सोने के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। जब नवकीरनजीत सिंह ने ऑस्ट्रेलिया से इस बारे में अपनी पत्नी से सवाल किए तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पीआर फाइल से पति का नाम हटाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के बाद बदले की भावना से नवनीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया में चल रही पीआर फाइल से अपने पति का नाम कटवा दिया। इससे नवकीरनजीत सिंह का भविष्य अधर में लटक गया और वह विदेश में फंसकर आर्थिक रूप से बर्बाद हो गया।
[caption id="attachment_75277" align="aligncenter" width="1200"]
Australia Visa[/caption]
कानूनी जानकारों के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में यदि पत्नी मुख्य आवेदक हो और पति डिपेंडेंट के तौर पर शामिल हो, तो पत्नी इमिग्रेशन विभाग को यह बताकर पति का नाम फाइल से हटवा सकती है कि उनका रिश्ता अब चालू नहीं है।
कई मामलों में यह प्रक्रिया पति की जानकारी के बिना भी पूरी हो जाती है। हालांकि, यदि शादी केवल वीजा के लिए की गई हो या जानबूझकर धोखे से पति का नाम कटवाया गया हो, तो इसे इमिग्रेशन फ्रॉड माना जा सकता है।
पुलिस जांच जारी
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में जब उन्होंने खर्च की गई रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।