डेली संवाद, चंडीगढ़।
Haryana Budget 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह उनका दूसरा बजट है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की। केसरिया पगड़ी पहनकर सदन पहुंचे सैनी ने 3 घंटे 10 मिनट तक बजट भाषण पढ़ा। खास बात यह रही कि पूरे भाषण के दौरान विपक्ष ने कोई व्यवधान नहीं डाला।
हरियाणा
(Haryana)
के इस बजट में महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं। अब अपने नाम पर वाहन खरीदने वाली महिलाओं को रोड टैक्स में 1 प्रतिशत की छूट मिलेगी। ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का दायरा भी बढ़ाया गया है। 25 सितंबर 2026 से 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाली महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकेंगी। वर्तमान में 1.40 लाख रुपये तक आय वाली 9.22 लाख महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता मिल रही है। विस्तार के बाद करीब 6 लाख नई लाभार्थी इसमें जुड़ेंगी।
[caption id="attachment_91037" align="aligncenter" width="1200"]
Nayab Singh Saini[/caption]
अग्निवीरों को आरक्षण, पुलिस में विशेष भर्ती
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ड्राइविंग ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया जाएगा और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर 10 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त ऋण देने का प्रावधान रखा गया है। बजट में पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव रखा गया है। अगले वर्ष 1300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती की जाएगी। यह कदम युवाओं को रोजगार के अवसर देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ‘एग्री डिस्कॉम’ नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा। इसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। नए जिले हांसी को आधुनिक मॉडल जिले के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की गई है।
[caption id="attachment_86239" align="aligncenter" width="1200"]
Nayab Singh Saini[/caption]
परिवहन और तीर्थ यात्राओं पर जोर
हरियाणा रोडवेज धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार और अमृतसर जैसे तीर्थ स्थलों के लिए 50 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा। छात्रों की सुविधा के लिए 1000 नई बसें शामिल की जाएंगी। फिलहाल 12 शहरों में इलेक्ट्रिक सिटी बसें संचालित हैं, जिन्हें अब अन्य जिला मुख्यालयों तक विस्तारित किया जाएगा।
HSSC परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा। महिला यात्रियों और छात्राओं के लिए विशेष बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 की जाएगी। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत गरीब परिवारों को शिरडी, माता वैष्णो देवी और अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल की निःशुल्क यात्रा करवाई जाएगी।
शिक्षा, खेल और युवाओं पर फोकस
सरकारी स्कूलों में बेहतर डेस्क, कंप्यूटर लैब और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। ‘वीर बाल मेमोरियल इनिशिएटिव’ के तहत दुर्घटना में छात्र की मृत्यु पर परिवार को 5 लाख रुपये और दिव्यांग होने पर 3 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके लिए 6 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाए जाएंगे और अंतरराष्ट्रीय कोच नियुक्त किए जाएंगे। युवाओं के कौशल विकास के लिए मोबाइल स्किल लैब स्थापित होंगी। गरीब परिवारों के युवाओं को अप्रेंटिसशिप के दौरान स्कॉलरशिप के साथ 1500 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाएगी।
सभी लोगों के बेहतर बजट
सड़क सुरक्षा सुधारने के लिए राज्य में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। कुल मिलाकर यह बजट महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुनियादी ढांचे के विकास पर केंद्रित नजर आता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह बजट सभी वर्गों के लिए बेहतर है।