डेली संवाद, नई दिल्ली। Viral Laughing Boy Arun Kumar Story: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक साधारण से दिखने वाले लड़के की दिल खोलकर हंसने वाली वीडियो ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हर दूसरी रील और मीम के अंत में दिखाई देने वाला यह चेहरा अब इंटरनेट पर “लाफिंग बॉय” या “चाय वाला हंसता लड़का” के नाम से मशहूर हो चुका है। लेकिन इस मासूम हंसी के पीछे एक संघर्ष भरी कहानी छिपी है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं।
इंटरनेट पर “लाफिंग बॉय” या “चाय वाला हंसता लड़का” के नाम से मशहूर लड़के का नाम अरुण कुमार है। तेलंगाना के एक छोटे से गांव में रहने वाले अरुण कुमार का बचपन गरीबी में बीता। आर्थिक तंगी इतनी ज्यादा थी कि उन्हें चौथी कक्षा के बाद ही पढ़ाई छोड़नी पड़ी।
सच्ची हंसी कैमरे में कैद
कम उम्र में ही जिम्मेदारियों का बोझ उनके कंधों पर आ गया और उन्हें काम की तलाश में निकलना पड़ा। इसी दौरान उनकी मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई, जिसने उन्हें अपने साथ क्लीनर के रूप में काम पर रख लिया।
ट्रक के साथ लंबी यात्राओं के दौरान अरुण और नेहरू ने जिंदगी के कई उतार-चढ़ाव देखे। सफर के दौरान समय बिताने के लिए नेहरू अक्सर मोबाइल पर छोटे-छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता था। एक दिन हाईवे किनारे चाय पीते समय अरुण किसी बात पर जोर से हंस पड़े। उनकी यह बेफिक्र और सच्ची हंसी कैमरे में कैद हो गई।
अरुण की हंसी
यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। अरुण की हंसी ने लाखों लोगों के दिलों को छू लिया। लोग इस क्लिप को बार-बार देखने लगे और यह जल्द ही मीम्स और रील्स का अहम हिस्सा बन गया। आज यह हंसी इंटरनेट पर खुशी और सादगी का प्रतीक बन चुकी है।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
हालांकि, इस कहानी का सबसे प्रेरणादायक पहलू यह है कि नेहरू ने सिर्फ वीडियो बनाकर ही नहीं छोड़ा, बल्कि अरुण की जिंदगी को बेहतर बनाने का भी जिम्मा उठाया। उन्होंने अरुण को दोबारा पढ़ाई शुरू करने के लिए प्रेरित किया। काम के साथ-साथ अरुण ने मेहनत जारी रखी और आखिरकार इस साल मार्च में 10वीं बोर्ड परीक्षा पास कर ली।
उम्मीद की किरण
अरुण की यह उपलब्धि उन हजारों बच्चों के लिए उम्मीद की किरण है, जो गरीबी के कारण अपने सपनों को छोड़ देते हैं। “लाफिंग बॉय” की मुस्कान अब सिर्फ एक वायरल ट्रेंड नहीं, बल्कि संघर्ष, उम्मीद और नए भविष्य का प्रतीक बन चुकी है।








