डेली संवाद, चंडीगढ़।
Punjab News: केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू (Ravneet Singh Bittu) को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि रवनीत सिंह बिट्टू की कथित वायरल वीडियो को लेकर पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त रुख अपनाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू (Ravneet Singh Bittu) द्वारा जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के मामले में सू-मोटो नोटिस लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संगरूर से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
जांच के आदेश जारी
धूरी दौरे के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उनके खिलाफ पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने कड़ा रूख अपनाते हुए संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट तलब कर कर जांच के आदेश जारी किया है।
आयोग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 26 मई को संगरूर जिले से संबंधित कुछ वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं। इन वीडियो में केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू पर अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप लगे हैं।
आयोग ने पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग एक्ट-2004 की धारा 10(2)(h) के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू करने का फैसला किया है। आयोग ने इंटरनेट मीडिया पर शेयर की गई कई वीडियो लिंक और उनमें मौजूद कथित टिप्पणियों को रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया है।
आयोग ने दी चेतावनी
आयोग ने अपने आदेश में संबंधित वीडियो के समय और कंटेंट का भी उल्लेख किया है। आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय पर रिपोर्ट पेश नहीं की गई या अधिकारी उपस्थित नहीं हुए तो आयोग एक्ट-2004 की धारा 10(1) के तहत सिविल अदालत जैसी शक्तियों का इस्तेमाल कर सकता है।