Skip to content

Jalandhar Firing News: जालंधर में चावला मोबाइल पॉइंट पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा! 50 लाख रुपए की फिरौती नहीं मिलने पर 500 रुपए देकर चलवाई गोली, शूटर का कबूलनामा देखें

Firing at Chawla Mobile Point Jalandhar
Firing at Chawla Mobile Point Jalandhar
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar Firing News: पंजाब के जालंधर शहर में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब भार्गव कैंप स्थित मशहूर चावला मोबाइल पॉइंट के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। बाइक पर सवार दो युवकों ने दुकान के सामने पहुंचकर तीन राउंड फायर किए, जिससे दुकान के शीशे टूट गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों और दुकानदारों की सूझबूझ के चलते एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार शाम करीब 4 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर अवतार नगर की 13 नंबर गली में स्थित चावला मोबाइल पॉइंट के बाहर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। दुकान के सामने पहुंचते ही बाइक की रफ्तार धीमी की गई और पीछे बैठे युवक ने दुकान की ओर तीन गोलियां चला दीं। गोलियां दुकान के शीशों में लगीं और कांच टूटकर बिखर गया।

दुकान में मौजूद थे ग्राहक और कर्मचारी

घटना के समय दुकान में ग्राहकों की भीड़ थी। गोली चलने की आवाज सुनते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक व कर्मचारी बाहर की ओर भागे। दुकान में तैनात दो गनमैन भी तुरंत बाहर आ गए। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

दुकानदार ने भी निकाली पिस्टल

दुकान मालिक अंकुश चावला ने बताया कि फायरिंग के तुरंत बाद वह अपने कर्मचारियों के साथ बाहर निकले और आरोपियों का पीछा किया। उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल भी निकाल ली और आसपास के लोगों से हमलावरों को पकड़ने की अपील की। अंकुश ने बताया कि - 
बाजार में भीड़ होने के कारण आरोपी तेजी से भाग नहीं सके। करीब 150 मीटर दूर उनकी बाइक एक कार से टकरा गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ लिया।

लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की

फायरिंग से गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर सड़क पर घसीटा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी को लात-घूंसों तथा जूते-चप्पलों से पीटा गया, जिससे वह घायल हो गया।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।

50 लाख की फिरौती नहीं देने पर हमला!

घटनास्थल पर मौजूद लोगों और व्यापारियों के अनुसार चावला मोबाइल पॉइंट के मालिक अंकुश चावला को पिछले कुछ समय से लगातार फिरौती भरे फोन कॉल आ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनसे 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर दुकान पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई।

आरोपी का बड़ा खुलासा, 500 रुपए में चलाई गोली

पकड़े गए आरोपी ने लोगों के सामने दावा किया कि उसे गोली चलाने के लिए मात्र 500 रुपए दिए गए थे। आरोपी ने बताया कि उसे जालंधर के धीणा गांव निवासी गोपी नामक व्यक्ति ने वारदात को अंजाम देने के लिए भेजा था। आरोपी फरीदकोट का रहने वाला है और उसी दिन जालंधर पहुंचा था। उसने दावा किया कि पिस्टल और गोलियां भी उसे गोपी ने ही उपलब्ध करवाई थीं।

व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। दुकानदारों ने घटनास्थल के निकट पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना है कि अगर शहर के व्यस्त बाजारों में भी इस तरह की घटनाएं होंगी तो कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा।

ACP आतिश भाटिया ने क्या कहा?

मौके पर पहुंचे ACP आतिश भाटिया ने बताया कि दुकानदार से पहले भी फिरौती मांगी गई थी। पिछले वर्ष भी इसी मामले में FIR दर्ज की गई थी और उस केस में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ACP ने कहा कि- 
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और फरार साथी की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वारदात के पीछे कौन-सी गैंग सक्रिय है और इसके तार किन लोगों से जुड़े हैं।

सस्ते आईफोन के लिए मशहूर है चावला मोबाइल पॉइंट

चावला मोबाइल पॉइंट जालंधर का एक चर्चित मोबाइल शोरूम है, जो सस्ते आईफोन और मोबाइल डील्स के लिए जाना जाता है। सोशल मीडिया पर भी इसकी बड़ी लोकप्रियता है। इंस्टाग्राम पर शोरूम के लगभग 1.45 लाख फॉलोअर्स हैं। दुकान के मालिक अंकुश चावला लंबे समय से मोबाइल कारोबार से जुड़े हुए हैं।