Skip to content

Jalandhar News: जालंधर के इस इलाके में चल रहे मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटकर गिरा, कई लोग गंभीर घायल, मची अफरा-तफरी

Jalandhar Accident News
Jalandhar Accident News
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
डेली संवाद, फिल्लौर (जालंधर)। Jalandhar News: पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा ब्रह्मदास में चल रहे सालाना मेले के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगाए गए एक झूले का नट-बोल्ट अचानक टूट जाने के कारण झूले का एक डिब्बा नीचे गिर गया। हादसे के समय झूले में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मेले में भारी भीड़ मौजूद थी और श्रद्धालु झूलों का आनंद ले रहे थे। बताया जा रहा है कि झूले ने अभी दो से तीन चक्कर ही लगाए थे कि अचानक एक डिब्बे का नट-बोल्ट ढीला होकर टूट गया। इसके बाद झूले का डिब्बा संतुलन खो बैठा और जमीन पर आ गिरा। डिब्बे में बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए और कुछ समय के लिए उसमें फंस गए।

मेले में अफरा-तफरी

हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने ऑटो और निजी वाहनों की मदद से घायलों को फिल्लौर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं, लेकिन चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि झूला काफी पुराना और जंग लगा हुआ दिखाई दे रहा था। गनीमत यह रही कि झूले के ठीक नीचे उस समय कोई व्यक्ति खड़ा नहीं था, अन्यथा बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। हालांकि आसपास खड़े कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं।

कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया

घटना की सूचना मिलते ही फिल्लौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार झूला संचालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है, जबकि झूले पर काम करने वाले कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है
घायलों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तकनीकी जांच के बाद झूला लगाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि डेरा बाबा ब्रह्मदास पंजाब का एक प्रसिद्ध धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र है, जहां हर वर्ष जून महीने में विशाल मेला और बरसी समागम आयोजित किया जाता है। इस मेले में पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, तभी यह हादसा हो गया।