डेली संवाद, मोहाली।
Job Scam: मोहाली (Mohali) में विदेश भेजने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर हरियाणा के एक युवक से 1.55 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में एनआरआई थाना पुलिस ने कंपनी संचालक जतेंद्र सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4) तथा इमीग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
[caption id="attachment_16769" align="aligncenter" width="1200"]
Fraud Travel Agent[/caption]
नौकरी का ऑफर लेटर दिखाया
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद निवासी सुखविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून 2025 में उन्होंने लक्जमबर्ग जाने और वहां नौकरी प्राप्त करने के लिए मोहाली स्थित एक इमीग्रेशन कंपनी से संपर्क किया था। कंपनी में कार्यरत अंजलि नाम की महिला एजेंट ने उन्हें बताया कि विदेश भेजने का कुल खर्च 5 लाख रुपये होगा, जिसमें से भारत में केवल 1.50 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। शेष राशि वीजा मिलने के बाद देने की बात तय हुई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, एजेंटों ने एक सप्ताह के भीतर उन्हें कथित तौर पर नौकरी का ऑफर लेटर दिखाया और भरोसा दिलाया कि उनकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि, उन्हें न तो ऑफर लेटर की फोटो खींचने दी गई और न ही उसकी कोई कॉपी उपलब्ध कराई गई। इसके बाद सुखविंदर ने तीन चेक और नकद राशि मिलाकर कुल 1.55 लाख रुपये जमा करा दिए।
₹5 लाख में हुई डील, चेक बाउंस
कुछ समय बाद उनके पास एक अंतरराष्ट्रीय कॉल आई, जिसे वेरिफिकेशन कॉल बताया गया। बाद में उन्हें प्रक्रिया में रिजेक्ट कर दिया गया। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन्हें लगातार दफ्तर के चक्कर कटवाए गए। काफी दबाव बनाने के बाद आरोपियों ने केवल 10 हजार रुपये नकद लौटाए और शेष राशि के लिए दो चेक दिए, लेकिन बैंक में लगाने पर दोनों चेक बाउंस हो गए।
पीड़ित ने बताया कि बाद में उनकी मुलाकात विक्की नामक व्यक्ति से कराई गई, जिसने बाकी रकम लौटाने से इनकार कर दिया। लंबे विवाद और लगातार प्रयासों के बाद उन्हें अब तक कुल 70 हजार रुपये ही वापस मिले हैं। आरोप है कि शेष 85 हजार रुपये लौटाने से मना करते हुए उन्हें धमकियां भी दी गईं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।