डेली संवाद, जालंधर।
Kulhad Pizza Couple: पंजाब के चर्चित कुल्हड़ पिज्जा कपल (Kulhad Pizza Couple) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई नया विवाद नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर लगातार हो रही ट्रोलिंग है। कुल्हड़ पिज्जा की फाउंडर गुरप्रीत कौर रूप का एक भावुक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ट्रोलर्स को जवाब देते हुए फूट-फूटकर रो पड़ती हैं। वीडियो में गुरप्रीत ने कहा कि एक पुरानी घटना के आधार पर लोग उनकी पूरी जिंदगी, उनके संस्कार और यहां तक कि उनके छोटे बच्चे तक को जज कर रहे हैं।
गुरप्रीत कौर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि हाल ही में उन्होंने अपने बेटे के साथ एक धार्मिक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें बच्चा उनके साथ पाठ कर रहा था। इस वीडियो पर कुछ लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी, लेकिन कई ट्रोलर्स ने बच्चे को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया।
[caption id="attachment_19582" align="aligncenter" width="1200"]

kulhad pizza couple News Update Jalandhar[/caption]
बच्चे को लेकर की गई टिप्पणी से आहत
गुरप्रीत ने बताया कि एक महिला ट्रोलर ने उनके बच्चे को “ड्रामेबाज” और “चरित्री” तक कह दिया। इस टिप्पणी से वह बेहद आहत हुईं। उन्होंने कहा कि उनका बेटा अभी ढाई साल का है और उसे इन बातों का कोई मतलब तक नहीं पता। ऐसे में एक मासूम बच्चे को निशाना बनाना बेहद गलत है।
वीडियो में भावुक होते हुए गुरप्रीत ने कहा, “क्या लोगों के पास कॉमन सेंस नहीं है? एक छोटा बच्चा क्या समझता है और क्या नहीं, यह भी लोग नहीं सोचते। सिर्फ मुझे ट्रोल करने के लिए मेरे बच्चे तक को निशाना बनाया जा रहा है।”
‘मैंने बचपन से गुरुवाणी पढ़ी है’
गुरप्रीत कौर ने कहा कि वह बचपन से धार्मिक माहौल में पली-बढ़ी हैं और नियमित रूप से गुरुवाणी का पाठ करती रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें पूरा नितनेम और सुखमनी साहिब कंठस्थ है तथा वह कई बार सहज पाठ कर चुकी हैं।
उन्होंने कहा, “जो लोग मुझे ज्ञान दे रहे हैं, क्या उन्हें पता है कि सहज पाठ क्या होता है? गुरु ग्रंथ साहिब जी का संपूर्ण पाठ करना सहज पाठ कहलाता है। मैंने अपनी मां से जो संस्कार सीखे हैं, वही मैं अपने बच्चे को भी सिखा रही हूं।”
गुरप्रीत ने कहा कि सोशल मीडिया पर बैठे लोग उनकी जिंदगी के बारे में कुछ नहीं जानते, लेकिन एक घटना के आधार पर उन्होंने उनकी पूरी छवि बना ली है।
‘एक घटना ने मेरी इमेज खराब कर दी’
गुरप्रीत कौर ने कहा कि शादी के बाद उनकी जिंदगी में एक ऐसी घटना हुई, जिसने सब कुछ बदल दिया। उसी घटना के आधार पर लोग उन्हें लगातार जज कर रहे हैं।
गोपी ने कहा -
क्या किसी को पता है कि शादी से पहले मेरी जिंदगी कैसी थी? मैंने क्या संघर्ष किए, कैसे संस्कारों में पली-बढ़ी, यह कोई नहीं जानता। लेकिन एक घटना हुई और लोगों ने तय कर लिया कि मैं कैसी लड़की हूं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा चुप रहना बेहतर समझा और उम्मीद की कि समय के साथ सब कुछ सामान्य हो जाएगा, लेकिन ट्रोलिंग लगातार जारी है।
[caption id="attachment_19581" align="aligncenter" width="443"]

kulhad pizza couple News[/caption]
महिलाओं द्वारा ट्रोलिंग पर जताई हैरानी
गुरप्रीत ने कहा कि सबसे ज्यादा दुख उन्हें तब होता है जब महिलाएं ही उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करती हैं। उन्होंने कहा, “क्या आप खुद मां नहीं हैं?
अगर नहीं भी हैं तो क्या आपको यह नहीं पता कि एक मां अपने बच्चे के लिए कितनी मुश्किलें सहती है? मुझे समझ नहीं आता कि लोग किसी मां और उसके बच्चे के बारे में इतनी आसानी से गलत बातें कैसे लिख देते हैं।”
तीन साल पहले वायरल हुआ था निजी वीडियो
बता दें कि करीब तीन साल पहले कुल्हड़ पिज्जा कपल उस समय विवादों में आ गया था, जब सोशल मीडिया पर उनका एक निजी और आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो गया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बन गया था।
शुरुआत में कपल ने वीडियो को फर्जी बताया था, लेकिन बाद में मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। इस घटना के बाद दोनों को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
कर्मचारी पर लगाए गए थे वीडियो वायरल करने के आरोप
वायरल वीडियो मामले में सहज अरोड़ा की बहन हरनूर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुल्हड़ पिज्जा आउटलेट में काम करने वाली पूर्व कर्मचारी तनिशा वर्मा ने ब्लैकमेलिंग की और पैसे न मिलने पर वीडियो वायरल कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में आरोपी युवती को गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि युवती के परिवार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि नौकरी के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन तक जमा कर लिए जाते थे।
[caption id="attachment_19580" align="aligncenter" width="1536"]

kulhad pizza couple News Update[/caption]
कैसे शुरू हुई थी कुल्हड़ पिज्जा की सफलता की कहानी
जालंधर के भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) से नकोदर चौक जाने वाले मार्ग पर स्थित कुल्हड़ पिज्जा आउटलेट ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई थी। दावा किया जाता है कि कुल्हड़ में पिज्जा परोसने का अनोखा कॉन्सेप्ट सबसे पहले इसी कपल ने शुरू किया था।
शुरुआत में सहज अरोड़ा ने सड़क किनारे एक छोटे काउंटर से काम शुरू किया था। बाद में गुरप्रीत कौर के साथ शादी के बाद कारोबार तेजी से बढ़ा और सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता भी बढ़ने लगी। फूड ब्लॉगर्स और यूट्यूबर्स के लगातार आने से कुल्हड़ पिज्जा ब्रांड पंजाब ही नहीं, पूरे देश में चर्चित हो गया।
पहले भी विवादों में रह चुका है कपल
निजी वीडियो विवाद से पहले भी कुल्हड़ पिज्जा कपल चर्चा में आया था, जब सोशल मीडिया पर एयर राइफल के साथ उनकी तस्वीरें वायरल हुई थीं। उस समय पुलिस ने कथित तौर पर गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में मामला दर्ज किया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर फिर छिड़ी बहस
गुरप्रीत कौर के नए वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर ट्रोलिंग और ऑनलाइन बुलिंग को लेकर बहस शुरू हो गई है। कई लोग गुरप्रीत का समर्थन कर रहे हैं और उनका कहना है कि किसी पुरानी घटना के आधार पर किसी व्यक्ति या उसके परिवार को लगातार निशाना बनाना गलत है।
वहीं कुछ लोग इस मामले पर अलग-अलग राय भी व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल गुरप्रीत कौर का यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।