डेली संवाद, बठिंडा।
Punjab News: पंजाब (Punjab) में पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े संदिग्ध जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बठिंडा (Bathinda) में काउंटर इंटेलिजेंस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है।
दो अन्य आरोपी फरार
जांच में सामने आया है कि एक संगठित गिरोह सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और यह संवेदनशील जानकारी विदेशों में बैठे संदिग्ध और देश-विरोधी तत्वों तक पहुंचाई जा रही थी। इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार यह केस थाना थर्मल में दर्ज FIR नंबर 66 (दिनांक 9 जून 2026) से जुड़ा है। आरोपियों पर आधिकारिक गोपनीयता कानून और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी पता चला है कि बठिंडा–मलोट रोड पर अंबुजा फैक्ट्री के पास एक बिजली के खंभे पर सोलर पैनल से चलने वाला एक कैमरा लगाया गया था, जिसमें सिम कार्ड भी मौजूद था। इस कैमरे के जरिए दूर बैठकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने-जाने वाली गतिविधियों की लाइव निगरानी की जा रही थी। माना जा रहा है कि इसका इस्तेमाल सैन्य और सुरक्षा वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए किया जा रहा था।
विदेशों में बैठे लोगों को भेजी जा रही जानकारी
प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह नेटवर्क राजस्थान, फाजिल्का और फिरोजपुर जैसे सीमावर्ती इलाकों में सेना और सुरक्षा बलों की मूवमेंट पर नजर रख रहा था और यह जानकारी विदेशों में बैठे लोगों तक भेजी जा रही थी।
इस मामले में 10 जून को अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के गांव सराए से अशोक सिंह को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूछताछ के आधार पर 14 जून को उसी गांव के अकासदीप सिंह को भी पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ के बाद दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है।
बड़े खुलासे होने की संभावना
पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं और आशंका जताई जा रही है कि यह मामला किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।