डेली संवाद, चंडीगढ़।
Punjab Weather Update: देशभर में जारी उमस भरी गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई और अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान आने की भी आशंका जताई गई है।
बड़े हिस्से में बादल छाए हुए
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के बड़े हिस्से में बादल छाए हुए हैं। इसी वजह से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना बढ़ गई है।
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मानसून के दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश से राहत मिलने की संभावना
वहीं, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में भी मौसम बदल सकता है और कहीं-कहीं बारिश से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।