Skip to content

Thailand Kidnapping News: थाईलैंड घूमने गए 3 भारतीय टूरिस्ट का अपहरण, 1.20 करोड़ की फिरौती मांगी

थाईलैंड के पटाया में तीन भारतीय पर्यटकों का अपहरण कर उनके परिवारों से 1.20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। मामले में पांच भारतीय नागरिक गिरफ्तार हुए हैं, जबकि जांच में दुबई से एक पाकिस्तानी मास्टरमाइंड के पूरे गिरोह को संचालित करने का खुलासा हुआ है।

Thailand Kidnapping News: थाईलैंड घूमने गए 3 भारतीय टूरिस्ट का अपहरण, 1.20 करोड़ की फिरौती मांगी
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, थाईलैंड। Thailand Kidnapping News: थाईलैंड के मशहूर पर्यटन शहर पटाया से तीन भारतीय पर्यटकों के अपहरण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने तीनों युवकों को सस्ते सात दिन के टूर पैकेज का लालच देकर थाईलैंड बुलाया और वहां पहुंचते ही उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उनके परिवारों से कुल 1.20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई।

इस मामले में थाईलैंड पुलिस ने पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जांच में दुबई में बैठे एक पाकिस्तानी नागरिक के मास्टरमाइंड होने का खुलासा हुआ है। पीड़ितों की पहचान मोहित (23), आशीष (24) और हिमांशु (20) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तीनों को नौकरी और सस्ते विदेशी टूर का झांसा देकर पटाया बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उन्हें एक टाउनहाउस में कैद कर लिया गया और उनके परिवारों से प्रत्येक के बदले 40-40 लाख रुपये, यानी कुल 1.20 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।

दुबई से पाकिस्तानी नागरिक चला रहा था पूरी साजिश

थाई पुलिस ने इस मामले में अवतार सिंह (38), जगजीत सिंह (38), रंभालक कुमार (24), सुखबीर सिंह (37) और कुलरा सिंह (27) नामक पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले करीब एक महीने से चैट एप्लीकेशन के माध्यम से दुबई में बैठे एक पाकिस्तानी नागरिक के संपर्क में थे।

उसी के निर्देश पर अपहरण की पूरी साजिश रची गई। जांच में यह भी सामने आया कि फिरौती की रकम क्रिप्टोकरेंसी के जरिए लेने की योजना बनाई गई थी। बदले में आरोपियों को नकद रकम, कीमती सामान और थाईलैंड से बाहर निकलने के लिए एयरलाइन टिकट देने का वादा किया गया था।

पीड़ितों के साथ की गई बेरहमी

रेस्क्यू किए गए तीनों युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें कई दिनों तक भूखा रखा गया। उनके हाथ-पैर बांध दिए गए थे और उन्हें उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा जाता था।

इतना ही नहीं, परिवारों पर दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने उनके शरीर पर लाल स्प्रे पेंट लगाया, ताकि वीडियो कॉल के दौरान ऐसा लगे कि उनके शरीर से खून बह रहा है और उन्हें गंभीर रूप से घायल किया गया है। इन वीडियो कॉल्स के जरिए परिवारों को डराकर जल्द से जल्द फिरौती की रकम भेजने का दबाव बनाया जा रहा था।

भारतीय दूतावास की सूचना पर हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

जब पीड़ितों के परिवारों को अपहरण की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया। इसके बाद 21 जुलाई को भारतीय दूतावास ने चोनबुरी इमिग्रेशन पुलिस और पटाया पुलिस को अलर्ट किया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और खुफिया सूचना के आधार पर पटाया के एक टाउनहाउस में छापा मारा। वहां तीनों भारतीय युवक अलग-अलग कमरों में बंधक बनाए हुए मिले। उनके मुंह पर टेप लगी हुई थी और शरीर पर चोट के कई निशान थे। मौके से पुलिस ने टेप, लकड़ी का डंडा और लाल स्प्रे पेंट भी बरामद किया।

पाकिस्तानी मास्टरमाइंड

फिलहाल थाई पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय अपहरण गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा दुबई में बैठे कथित पाकिस्तानी मास्टरमाइंड तक कैसे पहुंचा जाए। वहीं भारतीय दूतावास भी मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।