Skip to content

Crime News: पंजाब में देर रात फायरिंग से दहशत, बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने बरसाई गोलियां

लुधियाना में बर्थडे पार्टी से लौट रहे 39 वर्षीय युवक रमिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फायरिंग में उसका दोस्त घायल हुआ है। क्रेटा सवार हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।

Crime News: पंजाब में देर रात फायरिंग से दहशत, बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक पर बदमाशों ने बरसाई गोलियां
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Crime News: पंजाब के लुधियाना (Ludhiana) में सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त भी फायरिंग में घायल हो गया। वारदात घंटाघर चौक-12 के पास हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर क्रेटा कार में सवार होकर आए थे और युवकों की गाड़ी पर फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान रमिंदर सिंह उर्फ सोनू (39) के रूप में हुई है। रमिंदर फोटोग्राफी का काम करता था और उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। गोली उसकी गर्दन में लगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गया। गंभीर हालत में कुछ देर तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। फायरिंग में उसका दोस्त संजीव भी घायल हुआ है। उसके हाथ में चोट लगी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गया था रमिंदर

घायल संजीव के मुताबिक, सोमवार को उनके दोस्त सन्नी का जन्मदिन था। सन्नी ने अपने दोस्तों को बर्थडे पार्टी में बुलाया था। पार्टी में रमिंदर सिंह, संजीव और दो अन्य दोस्त शामिल हुए थे।

रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच सभी दोस्त पार्टी खत्म होने के बाद खाना खाने के लिए घर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान JMD मॉल के पास उनकी गाड़ी के सामने एक्टिवा और कार की टक्कर को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था।

Youth murdered while returning from a birthday party in Ludhiana

एक्टिवा और कार की टक्कर के बाद हुआ विवाद

संजीव ने पुलिस को बताया कि एक्टिवा सवार युवक भी पार्टी में शामिल हुए थे। विवाद बढ़ता देखकर रमिंदर और उसके दोस्तों ने अपनी गाड़ी से उतरकर बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों के बीच चल रहा विवाद शांत करवाया।

मामला शांत होने के बाद रमिंदर, संजीव और उनके अन्य साथी वापस अपनी गाड़ी में बैठ गए और घर के लिए रवाना हो गए।लेकिन कुछ ही दूरी पर पीछे से आई एक कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

पीछे से आई क्रेटा, कार से ही कर दी फायरिंग

संजीव के अनुसार, पीछे से एक क्रेटा कार आई। उसमें सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से सभी घबरा गए।

फायरिंग के दौरान एक गोली रमिंदर सिंह की गर्दन में जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। उसकी हालत गंभीर थी और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। संजीव भी इस गोलीबारी में घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर क्रेटा कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया रमिंदर

रमिंदर सिंह शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा करीब 8 साल का है, जबकि छोटा बेटा महज 2 साल का है। रमिंदर की पत्नी गृहिणी है। उसका एक छोटा भाई भी है, जो शादीशुदा है।

परिवार के मुताबिक, रमिंदर की मां फैक्ट्री में काम करती हैं, जबकि उसके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। रमिंदर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग करने वाले आरोपी कौन थे और उनका मृतक से कोई पुराना विवाद था या नहीं। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।