Skip to content

Punjab News: पंजाब में कारोबारी की पत्नी की हत्या से सनसनी, पड़ोसी ने इस तरह दिया वारदात को अंजाम

पठानकोट में 75 वर्षीय आशा महाजन की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पड़ोसी वरुण कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर CCTV DVR, सोने का कड़ा और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किया गया।

Punjab News: पंजाब में कारोबारी की पत्नी की हत्या से सनसनी, पड़ोसी ने इस तरह दिया वारदात को अंजाम
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, पठानकोट। Punjab News: पंजाब के पठानकोट में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 75 वर्षीय महिला की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला के सिर, चेहरे और गर्दन पर लोहे की भारी रॉड से वार किए गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में मृतका के पड़ोसी वरुण कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात कबूल कर ली है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, CCTV का DVR, खून से सने कपड़े और महिला का सोने का कड़ा बरामद किया गया है। मृतका की पहचान आशा महाजन (75), पत्नी सुभाष चंद्र महाजन के रूप में हुई है।

घर से अचानक सुनाई दीं चीखें

घटना के समय वह घर में अकेली थीं। उनके पति और बेटा शाहपुर चौक स्थित दुकान पर गए हुए थे। जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 9 बजे से 9:15 बजे के बीच की है। आशा महाजन उस समय घर में अकेली थीं। इसी दौरान पड़ोसियों को उनके घर के अंदर से जोर-जोर से चीखने और रोने की आवाजें सुनाई दीं।

आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए मोहल्ले के युवाओं ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। कमरे से मुख्य गेट तक फर्श पर खून फैला हुआ था और आशा महाजन गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी थीं।

सिर और चेहरे पर किए गए कई वार

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला के सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान थे। उन्हें तुरंत निजी वाहन की मदद से सुखसदन अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

छत के रास्ते घर में दाखिल होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ था। घर के अंदर पहुंचने के बाद उसने मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, ताकि बाहर से किसी को तुरंत अंदर आने का मौका न मिले।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कथित तौर पर छत के रास्ते ही अपने घर की तरफ चला गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को परिवार के घर में लगे CCTV कैमरों की जानकारी थी।

Elderly Woman Murder in Pathankot .jpg

CCTV का DVR भी उखाड़ ले गया आरोपी

महाजन परिवार ने सुरक्षा के लिए घर में CCTV कैमरे लगा रखे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात के बाद CCTV कैमरा और DVR उखाड़ लिया, ताकि घटना की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ न लग सके।

हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर DVR को अपने घर के पास छिपा दिया। इसके बाद उसने घर जाकर मुंह-हाथ धोए और वारदात के समय पहने कपड़े बदल लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इसके बाद दोबारा मोहल्ले में लोगों के बीच जाकर सामान्य व्यक्ति की तरह खड़ा हो गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

स्थानीय लोगों के शक से खुला राज

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी की गतिविधियां उन्हें संदिग्ध लगीं। वह वारदात के बाद भी काफी देर तक मोहल्ले में घूमता रहा। बाद में अचानक वहां से गायब हो गया। लोगों ने पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी वरुण कुमार को मोहल्ले के आसपास से ही काबू कर लिया।

पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो मामले में कई अहम जानकारियां सामने आईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की और बताया कि CCTV का DVR कहां छिपाया है। उसने खून से सने कपड़ों और महिला के सोने के कड़े के बारे में भी जानकारी दी।

पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, महिला का सोने का कड़ा, CCTV कैमरे का DVR और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे वास्तविक मकसद क्या था। शुरुआती तौर पर चोरी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पूर्व पार्षद ने नशे के कारोबार पर उठाए सवाल

हत्या की घटना के बाद पठानकोट के वार्ड नंबर-15 में लोगों में भारी रोष है। स्थानीय लोगों ने इलाके में कथित तौर पर बढ़ रहे नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। पूर्व पार्षद रामपाल विक्की ने भी घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही मोहल्ले में खुलेआम चल रहे नशे के कारोबार को लेकर पुलिस को चेतावनी दी थी।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवक देर रात तक मोहल्लों में घूमते हैं और बंद घरों या अकेले रहने वाले बुजुर्गों के घरों की रेकी करते हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

SSP आदित्य ने क्या कहा?

एसएसपी आदित्य के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया की जाएगी।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या के पीछे के वास्तविक मकसद, चोरी की योजना और संभावित रूप से किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। CCTV DVR और अन्य बरामद साक्ष्यों की जांच के बाद हत्या की पूरी कहानी और आरोपी के मकसद को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।