Skip to content

Farmers Protest: किसानों की ‘दिल्ली पदयात्रा’ पर ब्रेक, खनौरी बॉर्डर पर रोका गया जत्था; डल्लेवाल बोले- आगे नहीं बढ़ने दिया तो यहीं धरना देंगे

पंजाब से दिल्ली जा रहे 55 किसानों को खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस ने रोक दिया। जगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में किसान ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ निकाल रहे हैं और 29 अगस्त को जंतर-मंतर पहुंचने का लक्ष्य है।

Farmers Protest: किसानों की ‘दिल्ली पदयात्रा’ पर ब्रेक, खनौरी बॉर्डर पर रोका गया जत्था; डल्लेवाल बोले- आगे नहीं बढ़ने दिया तो यहीं धरना देंगे
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, लुधियाना। Farmers Protest: पंजाब से दिल्ली की ओर ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ निकाल रहे 55 किसानों को खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस ने रोक दिया। किसानों का नेतृत्व किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल कर रहे हैं। बॉर्डर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ कंटीली तार, कंक्रीट ब्लॉक और कंटेनर लगाकर रास्ता बंद किया हुआ है।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान नेताओं के अनुसार, पदयात्रा का उद्देश्य किसानों से जुड़े मुद्दों और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाना है। किसानों ने यात्रा को शांतिपूर्ण रखने की बात कही है।

खनौरी बॉर्डर पर किसानों को रोका

जानकारी के मुताबिक, 55 किसानों का जत्था पंजाब से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर पहुंचने के बाद हरियाणा पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

बॉर्डर पर पुलिस ने कई स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था की है। रास्ते में बैरिकेड, कंटीली तार, कंक्रीट ब्लॉक और कंटेनर लगाए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

डल्लेवाल बोले- रास्ता किसानों ने नहीं, पुलिस ने रोका

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि किसान सीमित संख्या में दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब रास्ता किसानों ने नहीं बल्कि हरियाणा पुलिस ने रोका है।

डल्लेवाल ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट को भी संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि किसानों की ओर से पांच प्रतिनिधि पुलिस अधिकारियों से बातचीत करेंगे। अगर किसानों को आगे जाने की अनुमति नहीं मिली तो वे रात बॉर्डर पर ही रुकेंगे।

शुभकरण सिंह के शहीदी स्थल से उठाई मिट्टी

दिल्ली कूच से पहले जगजीत सिंह डल्लेवाल ने पिछले किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसान शुभकरण सिंह के शहीदी स्थल से मिट्टी भी उठाई। किसान नेताओं ने कहा कि इस पदयात्रा के जरिए किसान आंदोलन से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। किसान नेताओं ने बताया कि ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ का लक्ष्य 29 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचना है।

वहां एक दिन की किसान पंचायत आयोजित करने की योजना है। योजना के मुताबिक, यात्रा के दौरान एक किसान मुख्य रूप से पैदल चलेगा। उसके साथ कुछ अन्य किसान रहेंगे, जो उसका सामान उठाएंगे। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर पड़ाव होंगे और जत्था चरणबद्ध तरीके से दिल्ली की ओर बढ़ेगा। जंतर-मंतर पहुंचने के बाद किसान पंचायत आयोजित की जाएगी और केंद्र सरकार को किसानों की मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपने का प्रयास किया जाएगा।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भी विरोध

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर से दिल्ली के जंतर-मंतर तक ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ निकालने का ऐलान किया था।

किसान नेताओं का कहना है कि पदयात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जा रही है और इसका उद्देश्य किसानों से जुड़े मुद्दों के साथ व्यापार समझौते को लेकर अपनी आपत्तियां केंद्र सरकार तक पहुंचाना है।

बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति, पुलिस की नजर

किसानों को रोके जाने के बाद खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर पुलिस और किसान आमने-सामने हैं। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है और बैरिकेडिंग के जरिए किसानों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है।

फिलहाल किसान नेताओं की पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत और आगे की रणनीति पर नजर बनी हुई है। किसान नेताओं ने कहा है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की कोशिश करेंगे।