डेली संवाद, जालंधर/फिल्लौर। Holiday in School: श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब सरकार की ओर से फिल्लौर की दाना मंडी में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह को देखते हुए जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने फिल्लौर सब-डिविजन के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में आज स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
डीसी के आदेश के मुताबिक यह छुट्टी केवल फिल्लौर सब-डिविजन की सीमा में आने वाले स्कूलों पर लागू होगी। जरूरी सेवाओं से जुड़े संस्थान और कर्मचारी अपनी ड्यूटी के अनुसार काम करते रहेंगे।
प्रकाश पर्व पर विशेष आयोजन
पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पूरे राज्य में विभिन्न धार्मिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए गुरु साहिब की बाणी, सामाजिक समानता और ‘बेगमपुरा’ की विचारधारा का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
92 प्रमुख स्थानों पर हाईटेक ड्रोन शो
प्रकाश पर्व समारोह की कड़ी में पंजाब के 92 प्रमुख स्थानों पर हाईटेक ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक और रोशनी के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और विचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा गुरु साहिब के जीवन और संदेश पर आधारित करीब 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री दिखाने के लिए मोबाइल एलईडी वैन भी चलाई जा रही हैं। ये वैन फिल्लौर के ग्रामीण क्षेत्रों सहित पंजाब के हजारों गांवों तक पहुंच रही हैं।
100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित
पंजाब सरकार ने गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सालभर आयोजित होने वाले धार्मिक समागमों, कीर्तन दरबारों और जागरूकता कार्यक्रमों के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।
फिल्लौर में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय समारोह इसी व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा है। सरकार का उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समानता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।