डेली संवाद, बठिंडा। Punjab News: पंजाब के बठिंडा में शनिवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक निजी स्कूल बस में अचानक आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 35 स्कूली बच्चे सवार थे।
ड्राइवर की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को समय रहते बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना बीबी वाला रोड पर बर्गर किंग के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस सिल्वर ऑक्स स्कूल की थी और बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही थी।
बस के अगले हिस्से से अचानक निकला धुआं
बस ड्राइवर बब्बू नंद लाल के मुताबिक, बच्चों को घर छोड़ने के दौरान अचानक बस के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया।
इसके बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई। बस की कुछ खिड़कियां बच्चों और ड्राइवर की मदद से तोड़ी गईं, ताकि सभी बच्चे जल्दी बाहर निकल सकें।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव में की मदद
घटना के दौरान आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। स्थानीय नागरिक मंजिंदर सिंह रागी ने बताया कि उन्होंने बस से धुआं निकलता देखकर आसपास की दुकानों से पानी इकट्ठा किया और बच्चों को एक-एक करके बाहर निकालने में मदद की। आसपास की दुकानों से फायर सिलेंडर की मदद से भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने समय रहते बस में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना में किसी बच्चे या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग लगने से स्कूल बस को काफी नुकसान पहुंचा है।
ट्रैफिक पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बठिंडा ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर पहुंची। ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस को बस में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना के कारणों की जांच कर रही है।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही इसका कारण स्पष्ट हो सकेगा।