Skip to content

Punjab News: गमाडा की नीलामी से पंजाब सरकार को बड़ी कमाई, 27 प्रॉपर्टीज से जुटाए करीब 5,400 करोड़ रुपये

ग्रेटर मोहाली एरिया विकास अथॉरिटी (गमाडा) ने प्रॉपर्टीज़ की नीलामी के मामले में अब तक के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में 27 प्रॉपर्टीज़ की सफ़लतापूर्वक नीलामी कर कुल 5391 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।

Punjab News: गमाडा की नीलामी से पंजाब सरकार को बड़ी कमाई, 27 प्रॉपर्टीज से जुटाए करीब 5,400 करोड़ रुपये
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: ग्रेटर मोहाली एरिया विकास अथॉरिटी (गमाडा) ने प्रॉपर्टीज़ की नीलामी के मामले में अब तक के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में 27 प्रॉपर्टीज़ की सफ़लतापूर्वक नीलामी कर कुल 5391 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।

इस संबंधी अधिक जानकारी साझा करते हुए आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि प्रॉपर्टीज़ हासिल करने के लिए बोलीदाताओं के बीच हुई जबरदस्त प्रतिस्पर्धा के कारण 20 अगस्त, 2026 को समाप्त होने वाली नीलामी 21 अगस्त, 2026 को सुबह समाप्त हुई।

नीलामी में कुल 36 प्रॉपर्टीज़ बोली के लिए पेश की

उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को शुरू हुई इस नीलामी में कुल 36 प्रॉपर्टीज़ बोली के लिए पेश की गई थीं। हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गमाडा द्वारा समय-समय पर करवाई गई नीलामियों को निवेशकों का भरपूर समर्थन मिला है।

उन्होंने कहा कि बड़े निवेशकों द्वारा मोहाली में निकट भविष्य में अपने प्रोजेक्ट स्थापित करने से जहां शहर की राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनेगी वहीं राज्य को आर्थिक मज़बूती मिलेगी और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे।

कुल 5391 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया

हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि नीलामी में पेश की गई प्रॉपर्टीज़ की आरक्षित कीमत 3872 करोड़ रुपये रखी गई थी और इन प्रॉपर्टीज़ की नीलामी करके अथॉरिटी ने कुल 5391 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि यह आमदन गमाडा के अधिकार क्षेत्र में आने वाले क्षेत्रों में नई अर्बन एस्टेट्स विकसित करने पर खर्च की जाएगी। उल्लेखनीय है कि नीलाम की गई प्रॉपर्टीज़ में मोहाली के विभिन्न सेक्टरों/प्रोजेक्ट्स में स्थित मिक्स्ड लैंड यूज़, होटल, अस्पताल और व्यापारिक साइटें शामिल हैं।