Skip to content

Jalandhar News: जालंधर में झपटमारी, वीर बबरीक चौक पर महिला के कान से सोने का टॉप्स नोचकर फरार हुए बदमाश

पीड़ित महिला की पहचान मंगल मंडी निवासी मुक्ता गौरी के रूप में हुई है। महिला के मुताबिक, वह गुरुवार शाम करीब 4 बजे अपने पोते के साथ स्कूटी पर किसी रिश्तेदार से मिलने जा रही थी।

Jalandhar News: जालंधर में झपटमारी, वीर बबरीक चौक पर महिला के कान से सोने का टॉप्स नोचकर फरार हुए बदमाश
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर में 15 अगस्त को लेकर पुलिस की सख्ती और सुरक्षा दावों के बीच झपटमारी की घटना सामने आई है। वीर बबरीक चौक में नशा छुड़ाओ केंद्र के पास बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के कान से सोने का टॉप्स झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित महिला की पहचान मंगल मंडी निवासी मुक्ता गौरी के रूप में हुई है। महिला के मुताबिक, वह गुरुवार शाम करीब 4 बजे अपने पोते के साथ स्कूटी पर किसी रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। जैसे ही वे वीर बबरीक चौक के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक उसके कान पर झपटा मारा।

आरोपी फरार

महिला ने बताया कि वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए। उनकी स्कूटी की रफ्तार कम थी और आरोपी काफी देर से पीछे चल रहे थे। व्यस्त चौक पर हुई इस घटना के बावजूद दोनों झपटमारों को मौके पर मौजूद लोग पकड़ नहीं सके।

CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-5 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।

महिला के मुताबिक, बाइक का नंबर भी नोट नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने किसी आरोपी की पहचान नहीं की है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

यह घटना ऐसे समय हुई है जब 15 अगस्त को लेकर जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का दावा किया जा रहा है। एक दिन पहले ही पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था।

पीड़ित महिला ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उसका छीना गया सोने का टॉप्स बरामद करवाने की मांग की है।