डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: जालंधर नगर निगम हाउस की बैठक कल यानी मंगलवार 25 अगस्त को होगी। यह बैठक रेडक्रास भवन में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। मेयर वनीत धीर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
मेयर वनीत धीर ने शहर के विकास के लिए करोड़ों रुपए का एजैंडा तैयार करवाया है। इस पर कल निगम हाउस की बैठक में सभी पार्षद चर्चा करेंगे और इसे पारित करेंगे। नगर निगम की ओर से सड़क, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और पार्कों जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस किया गया है।
दो नए ज्वाइंट कमिश्नर की तैनाती
जालंधर शहर के विकास कार्यों को अधिक प्रभावी और तेज गति से संचालित करने के लिए नगर निगम में चार ज्वाइंट कमिश्नर तैनात करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। योजना के अनुसार जालंधर की प्रत्येक विधानसभा में एक-एक ज्वाइंट कमिश्नर की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।
फिलहाल जालंधर नगर निगम में ज्वाइंट कमिश्नर के दो पद हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर चार करने की तैयारी है। इससे शहर के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी, अधिकारियों के साथ समन्वय और प्रशासनिक कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों की निगरानी होगी मजबूत
चार ज्वाइंट कमिश्नरों की तैनाती का उद्देश्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की मॉनिटरिंग को मजबूत करना है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अधिकारी की मौजूदगी से स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं को तेजी से संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम की ओर से शहर के विकास कार्यों को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार प्राथमिकताएं तय करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सड़क, सीवरेज और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान
25 अगस्त की हाउस बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे अहम हैं। इनमें सड़कों की मरम्मत और निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल सप्लाई, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
शहर में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं को लेकर सामने आ रही समस्याओं को देखते हुए नगर निगम की बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावों पर चर्चा के बाद संबंधित विकास कार्यों को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जा सकती है।
स्ट्रीट लाइट और पार्कों के विकास पर भी जोर
नगर निगम की प्राथमिकताओं में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर करना और पार्कों के विकास को भी शामिल किया गया है। शहर के विभिन्न इलाकों में खराब स्ट्रीट लाइट और पार्कों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा हो सकती है।
मेयर वनीत धीर की ओर से शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया जा रहा है।
विपक्षी पार्षदों ने बनाई रणनीति
नगर निगम की मंगलवार को होने वाली हाउस की बैठक से पहले आज शाम कांग्रेस और भाजपा पार्षदों ने अपनी अपनी अलग मीटिंग बुलाई। इसमें मेयर वनीत धीर को घेरने की ऱणनीति तैयार की गई है। कांग्रेसी पार्षदों ने एजैंडे में शामिल कए गए विकास कामों को डिटेल रिपोर्ट न होने का मुद्दा बनाया है।