Skip to content

Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ के नवनियुक्त हलका इंचार्ज मेयर वनीत धीर की 'शुकराना यात्रा', लोगों ने फूल बरसा कर किया स्वागत, मेयर बोले- हर वार्ड में चलाएंगे जनसंपर्क अभियान

आम आदमी पार्टी की ओर से जालंधर नॉर्थ का हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद मेयर वनीत धीर ने भव्य शुकराना यात्रा निकाली। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया और बर्लटन पार्क प्रोजेक्ट, सीवरेज, पेयजल व सड़क विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

Jalandhar News: जालंधर नॉर्थ के नवनियुक्त हलका इंचार्ज मेयर वनीत धीर की 'शुकराना यात्रा', लोगों ने फूल बरसा कर किया स्वागत, मेयर बोले- हर वार्ड में चलाएंगे जनसंपर्क अभियान
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर। Jalandhar News: आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से जालंधर नॉर्थ विधानसभा सीट का नया हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद शहर के मेयर वनीत धीर ने सोमवार को क्षेत्र में भव्य 'शुकराना यात्रा' निकाली। यात्रा के दौरान नॉर्थ हलके के विभिन्न इलाकों में स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर और जोरदार स्वागत कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

जालंधर नार्थ के हलका इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने अपनी शुकराना यात्रा की शुरुआत धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर की। उन्होंने श्री देवी तालाब मंदिर, श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर, गुरुद्वारा सिंह सभा (प्रीत नगर) और गुरुद्वारा सोढल छावनी (निहंग सिंह) में नतमस्तक होकर प्रदेश की खुशहाली, क्षेत्र के विकास और लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की।

Mayor Vaneet Dhir Shukrana Yatra.jpg

मंत्री और वर्कर साथ रहे

इस अवसर पर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान अमृतपाल सिंह, श्वेता धीर, पार्षद मुकेश सेठी, अश्विनी अग्रवाल, कविता सेठ, सिमरौनी, दीपक शारदा, लाडा, पार्षद पति दविंदर सिंह रोनी, सिमर मलिक, अविनाश सहित नॉर्थ हलके के सभी पार्षद, ब्लॉक प्रधान और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शुकराना यात्रा के दौरान मेयर वनीत धीर ने कहा कि मेयर बनने के बाद से ही वह जालंधर शहर, विशेषकर नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते आ रहे हैं। अब हलका इंचार्ज की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

बर्लटन पार्क जल्द होगा पूरा

उन्होंने कहा कि लंबे समय से चर्चा में रहा बर्लटन पार्क प्रोजेक्ट जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा नॉर्थ हलके में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जर्जर सड़कों की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां जरूरत होगी, वहां नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

Mayor Vaneet Dhir Shukrana Yatra News.jpg

मेयर वनीत धीर ने नई जिम्मेदारी सौंपने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरेंगे।

प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क अभियान

उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में जालंधर नॉर्थ के प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत वह सीधे लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता के विश्वास और विकास की राजनीति पर काम कर रही है तथा जालंधर नॉर्थ को आधुनिक और सुविधासंपन्न विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।