डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना नगर निगम हाउस में मंगलवार को फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) के दो सदस्यों के चुनाव को लेकर बुलाई गई बैठक में जमकर हंगामा हुआ। मेयर इंदरजीत कौर की अध्यक्षता में गुरुनानक देव भवन में हुई बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद अश्वनी शर्मा और भाजपा पार्षद गौरवजीत गोरा के बीच हाथापाई हो गई।
मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। बताया जा रहा है कि चुनाव की तारीख को लेकर भाजपा पार्षदों और विधायक दलजीत भोला के बीच बहस चल रही थी। इसी दौरान मामला बढ़ गया और विधायक के पीए रह चुके आप पार्षद अश्वनी शर्मा भी विवाद में पहुंच गए।
आज वोटिंग कराने की मांग पर अड़ा विपक्ष
विपक्षी पार्षदों का कहना है कि F&CC के सदस्यों का चुनाव मंगलवार को ही कराया जाना चाहिए। वहीं मेयर इंदरजीत कौर ने कहा कि वोटिंग 29 अगस्त को होगी। विपक्ष ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार बैठक में मौजूद नहीं हैं, इसलिए चुनाव टाला जा रहा है।
नगर निगम सचिव विवेक वर्मा ने बताया कि उम्मीदवार शाम 5 बजे तक नामांकन फॉर्म ले सकते हैं और नियमों के अनुसार इसके तीन दिन बाद वोटिंग कराई जाएगी। मेयर ने स्पष्ट किया कि चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा।
भाजपा ने हाथ उठाकर वोटिंग की मांग की
भाजपा पार्षदों ने बैलेट पेपर के बजाय हाथ उठाकर मतदान कराने की मांग रखी। वहीं कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि अदालत ने 25 अगस्त को नए F&CC सदस्यों के चुनाव के लिए कहा था, न कि केवल चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए।
इस दौरान नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि मेयर ही इस चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी होंगी। हंगामा बढ़ने के बाद सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
AAP में भी उम्मीदवारों को लेकर खींचतान
F&CC चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के भीतर भी असहमति सामने आई है। पार्टी ने एक बार फिर विधायक के बेटे अमन बग्गा और युवराज सिद्धू को कमेटी सदस्य पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। हालांकि, वेस्ट हलके के कई आप पार्षद इन नामों का विरोध कर रहे हैं।
वेस्ट हलके के 10 पार्षदों समेत तीन अन्य पार्षदों ने सोमवार देर रात बैठक कर इस मुद्दे पर चर्चा की। इसकी जानकारी मिलने के बाद संबंधित विधायक भी वहां पहुंचे और नाराज पार्षदों को मनाने की कोशिश की।
कांग्रेस पार्षद और उम्मीदवार गौरव भट्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मेयर और कमिश्नर ने म्यूनिसिपल एक्ट के प्रावधानों के खिलाफ जाकर चुनाव कराया तो वह दोबारा हाई कोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया नियमों के अनुसार कराने की मांग की है।