डेली संवाद, पंजाब। Punjab News; पंजाब के एक सिख युवक का सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक रोते हुए हाथ जोड़कर लोगों से अपील कर रहा है कि वे मेक्सिको के रास्ते विदेश जाने की कोशिश न करें।
रोते हुए वीडियो वायरल
मेक्सिको में फंसे एक पंजाबी सिख युवक का रोते हुए बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बिस्तर पर लेटा नजर आ रहा है और हाथ जोड़कर लोगों से अपील कर रहा है कि वे मेक्सिको के रास्ते विदेश जाने की कोशिश न करें।
युवक ने दावा किया कि उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत इतनी खराब हो गई कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा है। करीब 33 सेकंड के इस वीडियो में युवक काफी डरा और परेशान दिखाई देता है। वह बताता है कि वह डंकी रूट के जरिए मेक्सिको पहुंचा था।
गलती न दोहराने की सलाह
वहां से निकलने की कोशिश के दौरान उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। युवक ने लोगों को अपनी स्थिति से सबक लेने और उसके जैसी गलती न दोहराने की सलाह दी। युवक ने वीडियो में यह भी कहा कि लोगों को किसी एजेंट के झांसे में नहीं आना चाहिए और डंकी रूट के जरिए विदेश जाने से बचना चाहिए।
उसने भावुक होकर बताया कि जिस व्यक्ति की मदद से वह यहां तक पहुंचा, वही वीडियो में उसके सामने मौजूद है। युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 13 अगस्त को टिकटॉक अकाउंट से अपलोड किया गया था।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने किया शेयर
इसके बाद इसे एक्स पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने शेयर किया। पोस्ट के साथ दावा किया गया कि गुरुद्वारे की मदद से चलने वाले डंकी रूट के जरिए मेक्सिको पहुंचे कुछ युवक वहां फंस गए हैं और उनके लिए प्रार्थना की जा रही है।
हालांकि, वायरल वीडियो में युवक की पहचान, उसके साथ हुई घटना की पूरी परिस्थितियों और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में युवक की अपील विदेश जाने के लिए अवैध और जोखिम भरे रास्तों का इस्तेमाल करने के खतरों को जरूर सामने लाती है।