डेली संवाद, हरियाणा। Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हित उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देती है और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रमों का विस्तार किया
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों की समानता, पारदर्शी व्यवस्था और योग्यता के सम्मान को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इसी उद्देश्य से बुनियाद और सुपर-100 जैसे कार्यक्रमों का विस्तार किया गया है, ताकि प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से बचाने के लिए कई जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं के साथ हर कदम पर खड़ी है और उनके विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।