डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: पंजाब में पुलिस ने दो क्रॉस बॉर्डर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है।
2.030 किलोग्राम हेरोइन बरामद
मिली जानकारी मुताबिक अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से ड्रग्स और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो बड़े नेटवर्क का पर्दाफ़ाश किया है, पाँच आरोपियों को गिरफ़्तार किया है और 7 अवैध पिस्तौल व 2.030 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
शुरुआती जांच से पता चला है कि हथियारों के मामले में आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और अमृतसर तथा तरनतारन में आगे सप्लाई करने के लिए गैर-कानूनी हथियार हासिल कर रहे थे।
हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच
पुलिस अब आरोपियों के विदेशी तस्करों से संबंधों और हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद और थाना सुल्तानविंड में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और हथियार व नशे की खेप पंजाब तक किन माध्यमों से पहुंचाई जा रही थी। साथ ही पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।