डेली संवाद, पठानकोट। Punjab News: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा के घर के बाहर शनिवार तड़के धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचीं। हालांकि शुरुआती जांच में पता चला कि यह किसी विस्फोट की घटना नहीं थी, बल्कि एक स्थानीय युवक द्वारा चलाए गए तेज पटाखे की आवाज थी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे अश्विनी शर्मा अपने निवास से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे। इसके लगभग एक घंटे बाद, सुबह करीब 5:30 बजे, उनके घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
पठानकोट की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया एजेंसियां, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक स्थानीय युवक दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान अभिषेक के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उसी ने तेज आवाज वाला पटाखा चलाया था, जिससे लोगों को धमाके का आभास हुआ।
युवक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने एहतियात के तौर पर अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि उसने पटाखा किस उद्देश्य से चलाया और इसके पीछे कोई अन्य मंशा तो नहीं थी।
मौके पर पहुंचे एसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि अब तक की जांच में किसी विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के संकेत नहीं मिले हैं। फिलहाल मामला पटाखे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।