डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। बारिश का दौर थमने के साथ अब प्रदेश में गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पंजाब में किसी भी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक पंजाब के मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। 31 अगस्त तक अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है और तापमान सामान्य से ऊपर बना रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को दिन के समय गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
इन जिलों में बारिश संभव
शनिवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ और सूखा रहने का अनुमान है।
30 अगस्त को भी सीमित बारिश
रविवार को भी हिमाचल से सटे जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में एक-दो जगहों पर बारिश हो सकती है। दूसरी तरफ मैदानी इलाकों और दक्षिणी पंजाब में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
31 अगस्त को यहां बरस सकते हैं बादल
सोमवार को गुरदासपुर, नवांशहर और रूपनगर में बारिश के आसार हैं। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सूखा रहने की संभावना जताई गई है।
1 सितंबर से फिर एक्टिव हो सकता है मानसून
सितंबर के पहले दिन पंजाब में बारिश का दायरा कुछ बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, पठानकोट और होशियारपुर में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, संगरूर और पटियाला में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।