डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कुछ कमजोर हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत तापमान में एक दिन के भीतर 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मंगलवार को पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
सोमवार को बारिश नहीं होने के कारण कई इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ गई। फिरोजपुर में राज्य का सबसे अधिक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, इस मानसून सीजन में अब तक पंजाब में 239.6 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 29 प्रतिशत कम है।
आने वाले दिनों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ अमृतसर के आसपास से गुजर रही है। इसके चलते पंजाब में बारिश के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बौछारें देखने को मिल सकती हैं। उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण का भी मौसम पर असर पड़ सकता है।
27 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अगस्त तक पंजाब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।