डेली संवाद, कपूरथला। Punjab News Kapurthala Youth Killed in America: कपूरथला जिले के बेगोवाल कस्बे के गांव जब्बोवाल निवासी 28 वर्षीय युवक गुरदीप सिंह की अमेरिका में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि गुरदीप करीब 10 साल पहले बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अमेरिका गया था। 22 अगस्त को न्यूयॉर्क शहर की रिचमंड स्ट्रीट पर यह वारदात हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरदीप सिंह पिज्जा डिलीवरी का काम करने जा रहा था। इसी दौरान कुछ हथियारबंद बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से गुरदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद कपूरथला स्थित उसके परिवार और गांव में मातम छा गया।
बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका गया था गुरदीप
परिवार के मुताबिक, गुरदीप सिंह करीब एक दशक पहले अमेरिका गया था। विदेश पहुंचने के बाद उसे शुरुआती दिनों में काफी संघर्ष करना पड़ा। इसके बावजूद उसने मेहनत करना नहीं छोड़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करता रहा।
गुरदीप के पिता प्यारा लाल ने करीब 30 लाख रुपये का कर्ज लेकर बेटे को विदेश भेजा था। परिवार को उम्मीद थी कि गुरदीप अमेरिका में मेहनत करके परिवार के सपनों को पूरा करेगा। लेकिन अचानक उसकी हत्या की खबर मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अविवाहित था गुरदीप सिंह
परिजनों ने बताया कि गुरदीप सिंह अभी अविवाहित था। उसका परिवार गांव में डीजे का काम करता है। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं और वह अपने माता-पिता की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा था।
गुरदीप की मौत की खबर से गांव जब्बोवाल में भी शोक की लहर है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए सरकार से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
शव भारत लाने की अपील की
गुरदीप सिंह के परिवार ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से अपील की है कि उनके बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक मदद की जाए। परिवार ने अमेरिकी प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर हत्या की निष्पक्ष जांच करवाने और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी की है।
परिजनों का कहना है कि बेटे को खोने का दर्द असहनीय है और अब उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि गुरदीप का शव भारत लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके।
गांव के लोगों ने भी सरकार से पीड़ित परिवार की आर्थिक और प्रशासनिक मदद करने तथा गुरदीप सिंह का शव अमेरिका से भारत लाने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है।