डेली संवाद, दुर्ग। Raid In Spa Center: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने मैनेजर सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है। जुनवानी इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर मैनेजर, महिला दलाल, ग्राहकों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
19 मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने मौके से 19 मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की है। मामला स्मृतिनगर थाना क्षेत्र का है। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर सेंटर पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर स्पा सेंटर का मैनेजर, महिला दलाल और कई अन्य लोग मिले। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि ग्राहकों से पैसे लेने के बाद महिलाओं से उनका संपर्क कराया जाता था और इस पूरी व्यवस्था में सेंटर के मैनेजर की भूमिका बताई जा रही है।
मैनेजर और महिला दलाल की भूमिका
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर का मैनेजर तनय सोनी कथित तौर पर पैसों के लेन-देन और ग्राहकों को महिलाओं से संपर्क कराने की व्यवस्था संभालता था। वहीं, महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ प्रीत के जरिए महिलाओं को बुलाए जाने की बात जांच में सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि सेंटर में आने वाले ग्राहकों से रकम लेने के बाद महिला दलाल के माध्यम से महिलाओं को बुलाया जाता था। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।