Skip to content

Accident News: हाईवे पर टूरिस्ट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार; 3 घायल

होशियारपुर के मुकेरियां में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर टूरिस्ट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में 3 लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक दलवीर सिंह को गंभीर हालत में अमृतसर रेफर किया गया।

Accident News: हाईवे पर टूरिस्ट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार; 3 घायल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, दसूहा। Accident News: पंजाब के होशियारपुर में रविवार सुबह जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत 3 लोग घायल हो गए।

सभी घायलों को तुरंत मुकेरियां के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। ट्रैक्टर चालक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया, जबकि जम्मू के रहने वाले दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

ओवरटेक करते समय ट्रॉली के एंगल में फंसी बस

जानकारी के मुताबिक, लविश कंपनी की टूरिस्ट बस शनिवार रात करीब 8:30 बजे दिल्ली से 30 यात्रियों को लेकर जम्मू के लिए रवाना हुई थी। करीब साढ़े सात घंटे के सफर के बाद रविवार सुबह लगभग 4 बजे बस होशियारपुर के मुकेरियां स्थित अड्डा एमा मांगट के पास पहुंची।

इसी दौरान बस चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने लगा। ओवरटेक करते समय बस ट्रॉली के एंगल में फंस गई। इसके बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ों में जा घुसे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर, अमृतसर रेफर

हादसे में ट्रैक्टर चालक दलवीर सिंह निवासी गांव माखा, दीनानगर (गुरदासपुर) गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

वहीं जम्मू के रहने वाले दो युवकों को भी चोटें आईं। उन्हें मुकेरियां के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी सीता राम ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में लिए

पुलिस ने हादसे में शामिल टूरिस्ट बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। बस चालक के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक के अमृतसर रेफर होने के कारण उसके बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं।

पुलिस ट्रैक्टर चालक के परिवार से संपर्क कर रही है। उसके बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।