डेली संवाद, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिवाली की खरीदारी करके घर लौट रही महिला पत्रकार और उनके पत्रकार पति पर एक नकाबपोश हमलावर ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
आरोपी ने पहले उनकी कार का रास्ता रोका और फिर धमकी देते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दंपती को अपनी कार तेज रफ्तार से भगानी पड़ी। इसके बावजूद हमलावर करीब 2 किलोमीटर तक उनका पीछा करता रहा।
PAU गेट नंबर-8 के बाहर रोका रास्ता
जानकारी के मुताबिक, लुधियाना में निजी न्यूज चैनल चलाने वाली महिला पत्रकार नवनीत कौर अपने पति गगनदीप अरोड़ा के साथ शनिवार देर रात दिवाली की खरीदारी करके घर लौट रही थीं। रात करीब 12 बजे जब उनकी कार साउथ सिटी स्थित PAU गेट नंबर-8 के बाहर पहुंची तो सफेद एक्टिवा पर सवार एक नकाबपोश व्यक्ति ने कार के आगे स्कूटी लगा दी और उनका रास्ता रोक लिया।
जब दंपती ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो आरोपी ने गगनदीप अरोड़ा को धमकी देते हुए कहा, "रुको, अभी तुम लोगों की बदमाशी निकालता हूं।" इसके तुरंत बाद उसने कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
नानकसर गुरुद्वारे के पास दोबारा की फायरिंग
हमलावर की फायरिंग शुरू होते ही गगनदीप अरोड़ा ने अपनी कार भगा दी, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान कार की डिग्गी पर गोलियां लगीं। आरोपी ने फिरोजपुर रोड पर नानकसर गुरुद्वारे के पास दोबारा फायरिंग की।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इसके बाद हमलावर करीब 2 किलोमीटर तक दंपती की कार का पीछा करता रहा। मल्हार रोड तक पीछा करने के बाद जब कार की रफ्तार बढ़ गई तो आरोपी पीछे रह गया। किसी तरह दोनों सुरक्षित अपने दफ्तर पहुंचने में कामयाब रहे।
विदेशी नंबरों से मिलती रही हैं धमकियां
महिला पत्रकार नवनीत कौर के मुताबिक, न्यूज चैनल का संचालन करने के कारण उन्हें पहले भी विदेशी मोबाइल नंबरों से धमकियां मिलती रही हैं। हालांकि, इस तरह सीधे हमला करने और गोलियां चलाने की घटना पहली बार हुई है।
112 नंबर पर नहीं लगा फोन, CP के निर्देश पर पहुंची पुलिस
वारदात के बाद दंपती ने पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस कमिश्नर खुद भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस को मौके से गोली का कोई खोल बरामद नहीं हुआ।
थाना PAU में शिकायत दर्ज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
दंपती ने थाना PAU में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। नवनीत कौर का दावा है कि वारदात सड़क पर लगे सेफ सिटी कैमरों में कैद हुई है। उन्होंने पुलिस से हमलावर को जल्द गिरफ्तार करने और हमले के पीछे की वजह का खुलासा करने की मांग की है। थाना PAU के SHO कुलवंत सिंह के अनुसार, मामला देर रात का है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
इलाके में लगे सेफ सिटी कैमरों सहित अन्य CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हमलावर की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद लुधियाना में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।