Skip to content

Chitkara University Protest: चितकारा यूनिवर्सिटी मामले में बड़ा एक्शन, छात्राओं की सुरक्षा पर महिला आयोग ने मांगा जवाब

पटियाला के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं से जुड़ी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है।

Chitkara University Protest: चितकारा यूनिवर्सिटी मामले में बड़ा एक्शन, छात्राओं की सुरक्षा पर महिला आयोग ने मांगा जवाब
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, चंडीगढ़। Chitkara University Protest: पटियाला के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं से जुड़ी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है।

आयोग ने पटियाला के डिप्टी कमिश्नर (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को नोटिस जारी कर 30 सितंबर 2026 तक पूरे मामले की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। महिला आयोग ने छात्राओं की सुरक्षा, वायरल खबरों की जांच और यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से चार प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी मांगी है।

महिला आयोग ने 4 बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट

1. छात्राओं से जुड़ी कोई शिकायत मिली या नहीं?

आयोग ने DC और SSP से पूछा है कि क्या यूनिवर्सिटी कैंपस या हॉस्टल से किसी छात्रा के लापता होने, घायल होने या किसी अप्रिय घटना को लेकर पुलिस को शिकायत मिली है।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

यदि ऐसी कोई शिकायत मिली है तो उसकी कॉपी के साथ अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी भी आयोग को देनी होगी।

2. कैंपस और हॉस्टल में सुरक्षा के क्या इंतजाम?

छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसे देखते हुए आयोग ने पूछा है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कैंपस और हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए हैं। आयोग ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी भी मांगी है।

3. वायरल वीडियो और अफवाहों की जांच कहां तक पहुंची?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपुष्ट खबरों, वीडियो और अफवाहों को लेकर भी महिला आयोग ने पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने पूछा है कि इन दावों की सच्चाई पता लगाने के लिए पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की है और जांच किस स्तर तक पहुंची है। साथ ही कथित अफवाहों के स्रोत से जुड़ी जानकारी भी मांगी गई है।

4. भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने की क्या तैयारी?

महिला आयोग ने छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा पैदा न हो, इसके लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों का ब्योरा भी मांगा है। इसमें कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और छात्रों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए बनाई जा रही योजना की जानकारी शामिल है।

Chitkara University Protest

क्या था चितकारा यूनिवर्सिटी का पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, 25-26 सितंबर 2026 की रात चितकारा यूनिवर्सिटी के हॉस्टल को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें और अफवाहें वायरल हुई थीं।

इनमें हॉस्टल में भूत होने, छात्राओं के आत्महत्या करने और कुछ छात्राओं के लापता होने जैसे दावे किए जा रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल इन खबरों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं घबरा गए और आधी रात को हॉस्टल से बाहर निकल आए।

इसके बाद कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की।

यूनिवर्सिटी ने छात्रा की मौत के दावों को बताया अफवाह

वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रा की मृत्यु और आत्महत्या से जुड़े दावों को खारिज करते हुए इन्हें अफवाह बताया था।

अब पंजाब राज्य महिला आयोग के स्वतः संज्ञान लेने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट आयोग के सामने पेश करनी होगी। 30 सितंबर 2026 तक मांगी गई रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की तस्वीर स्पष्ट हो सकती है।