Skip to content

Punjab Weather Update: पंजाब में साफ रहेगा आसमान, बारिश का अलर्ट नहीं; तापमान सामान्य के करीब पहुंचा

पंजाब और चंडीगढ़ में 21 सितंबर से अगले चार दिनों तक मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है।

Punjab Weather Update: पंजाब में साफ रहेगा आसमान, बारिश का अलर्ट नहीं; तापमान सामान्य के करीब पहुंचा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मोहाली। Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में 21 सितंबर से अगले चार दिनों तक मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं, राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है, जिसके चलते अगले कुछ दिनों में पंजाब से भी मानसून की विदाई होने की संभावना जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटे में पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बाद तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस तापमान पटियाला में रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी हवाओं से साफ रहेगा आसमान

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में अब पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इनके प्रभाव से वातावरण में मौजूद नमी कम हो रही है और बादल बनने की संभावना भी घट गई है। इसी कारण अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और बारिश की संभावना बेहद कम रहने का अनुमान है।

हालांकि बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रेशन बनने से मौसम में बदलाव की स्थिति बन रही है। इसके प्रभाव से हवाओं की दिशा में परिवर्तन हो सकता है और पूर्वी हवाएं आगे बढ़ सकती हैं।

सुबह-शाम बढ़ सकती है ठंड

इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर एक एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम बना हुआ है। इसके चलते पश्चिमी हवाएं बनी रहेंगी और आसमान साफ रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

दिन के समय तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है, लेकिन बारिश नहीं होने और आसमान साफ रहने के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले चार दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना बेहद कम है।

पंजाब में बिजली की मांग 11,000 मेगावाट के पार

मौसम ड्राई होने के बीच पंजाब में बिजली की मांग भी लगातार बढ़ी हुई है। सोमवार को राज्य में 11,628 मेगावाट बिजली की मांग दर्ज की गई।

बिजली विभाग ने केंद्रीय ग्रिड से 7,056 मेगावाट बिजली ली, जो निर्धारित शेड्यूल से करीब 125 मेगावाट अधिक रही। इस दौरान बिजली की फ्रीक्वेंसी 49.82 हर्ट्ज दर्ज की गई।

भाखड़ा और पोंग डैम का जलस्तर घटा

मानसून की वापसी के साथ पंजाब के प्रमुख बांधों के जलस्तर में भी कमी दर्ज की जा रही है।

भाखड़ा डैम: 1644.21 फीट

पोंग डैम: 1371.20 फीट

भाखड़ा डैम अपने अधिकतम 1680 फीट के स्तर से 35.79 फीट नीचे है, जबकि पोंग डैम का जलस्तर अधिकतम 1390 फीट के मुकाबले 18.8 फीट नीचे है।

पिछले साल की तुलना में इस समय भाखड़ा का जलस्तर करीब 33.5 फीट और पोंग डैम का जलस्तर करीब 28.7 फीट कम बताया गया है।