डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के राजपुरा में आज दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत ट्रेन को रुकवाया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन से पांचवें कोच तक आग फैलने की सूचना मिली है। रेलवे के अनुसार, ट्रेन के चार जनरल कोच आग की चपेट में आए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और दमकल विभाग की टीमों को अलर्ट कर दिया गया।
कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 जनरल कोच में लगी आग
जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। ट्रेन दोपहर 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके बाद राजपुरा के पास ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि आग इंजन से पांचवें कोच तक पहुंच गई। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन के चार जनरल कोच आग की चपेट में आए हैं। इनमें पांचवें कोच का नंबर 265287GS बताया गया है।
आग लगते ही यात्रियों में मची अफरा-तफरी
चलती ट्रेन में आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन को तुरंत रुकवाया गया और यात्रियों को कोच से बाहर निकाला जाने लगा। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीमों को भी मौके पर भेजा गया है, ताकि आग पर काबू पाया जा सके।
अंबाला रेलवे मंडल की मेडिकल टीम रवाना
अंबाला रेलवे मंडल के PRO नीरज ने बताया कि कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद रेलवे की मेडिकल टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है। उन्होंने बताया कि DRM विनोद कुमार भाटिया भी मौके पर पहुंच गए हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है। आग लगने के वास्तविक कारणों और ट्रेन को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।