Skip to content

Weather Update: जालंधर में झमाझम बारिश से राहत, पंजाब के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट; तापमान गिरा

पंजाब में मानसून की विदाई के बीच सोमवार को मौसम ने करवट ली। जालंधर में तेज बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Weather Update: जालंधर में झमाझम बारिश से राहत, पंजाब के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट; तापमान गिरा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, मोहाली। Weather Update: पंजाब में मानसून की विदाई के बीच सोमवार को मौसम ने करवट ली। जालंधर में तेज बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के कारण राज्य के सभी जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

वहीं, चंडीगढ़ में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य में फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम बताई गई है।

इन 13 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, तरनतारन, रूपनगर, मोहाली, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और बरनाला में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

रविवार को भी पंजाब के कुछ इलाकों में बारिश हुई थी, हालांकि यह बारिश रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो सकी। मौसम में बदलाव के साथ राज्य के सभी जिलों में तापमान में गिरावट आई है।

रूपनगर सबसे ठंडा, बठिंडा सबसे गर्म

तापमान के लिहाज से रूपनगर में सबसे कम 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, बठिंडा पंजाब में सबसे गर्म रहा। चंडीगढ़ में भी तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बादल छाए रहने और बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली है।

पंजाब से मानसून की विदाई जारी

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और चंडीगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर जारी है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आने के कारण वातावरण में बादल बन रहे हैं, जिससे कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। वहीं, पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलना शुरू हो सकती हैं। इससे आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

ठंडक बढ़ने से बिजली की मांग में कमी

मौसम में ठंडक आने का असर पंजाब की बिजली खपत पर भी पड़ा है। गर्मी कम होने से राज्य में बिजली की मांग घट गई है।जानकारी के मुताबिक, पंजाब में बिजली की मांग 9,724 मेगावाट रही।

ग्रिड से 4,618 मेगावाट बिजली ली गई, जबकि 4,867 मेगावाट बिजली लेने का शेड्यूल था। यानी निर्धारित शेड्यूल की तुलना में 249 मेगावाट कम बिजली ली गई। पंजाब में बिजली का उत्पादन करीब 5,101 मेगावाट रहा।