डेली संवाद, पठानकोट। Punjab News: पंजाब के पठानकोट में शिवसेना हिंद कोर कमेटी के चेयरमैन रवि शर्मा के भाई जतिंदर शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय जतिंदर का शव उनके घर के बेडरूम में लहूलुहान हालत में मिला। उनके सिर और गले पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं।
परिजन उन्हें तुरंत सरना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने मौत को हत्या बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घर में अकेले थे जतिंदर शर्मा
मृतक की पहचान 35 वर्षीय जतिंदर शर्मा निवासी लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी, ढाकी के रूप में हुई है। रवि शर्मा के मुताबिक, शनिवार को वह किसी काम से गांव बुंगल गए हुए थे, जबकि जतिंदर की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। जतिंदर उस समय घर में अकेले थे।
शाम करीब 3:55 बजे जतिंदर की पत्नी सोनाली शर्मा ने परिवार को फोन कर बताया कि जतिंदर बेडरूम में लहूलुहान हालत में पड़े हैं। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए।

शरीर पर मिले चोट के निशान
परिजनों के अनुसार, जतिंदर के सिर और गले समेत शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से करीब एक घंटे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
रविवार को सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ड्राइवर पर परिवार ने जताया शक
रवि शर्मा ने बताया कि जतिंदर रिकवरी का काम करते थे। परिवार को उनके ड्राइवर पर शक है। रवि शर्मा के मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 बजे कर्ण नाम के ड्राइवर को कुछ सबूतों के साथ पुलिस के हवाले किया गया था।
परिवार का आरोप है कि रात करीब 7:45 बजे उन्हें जानकारी मिली कि पुलिस ने संदिग्ध को छोड़ दिया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
पुलिस अधिकारियों से संपर्क को लेकर भी सवाल
रवि शर्मा के मुताबिक, उन्होंने थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी विजय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह से बात की गई।
परिजनों के अनुसार, बाद में पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के बाद थाना प्रभारी का फोन आया और संदिग्ध को दोबारा हिरासत में लेने की बात कही गई।
निष्पक्ष जांच की मांग, प्रदर्शन की चेतावनी
परिजनों ने पठानकोट के SSP से मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। रवि शर्मा ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो शिव सैनिकों के साथ पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी सब इंस्पेक्टर विजय कुमार के मुताबिक, फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।