डेली संवाद, नई दिल्ली। Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून का असर जारी है। उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल यात्रा तीसरे दिन भी बंद है। चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण पैदल मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है।
सुरक्षा बलों ने करीब 7 हजार यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेज दिया है, जबकि 500 से ज्यादा लोग अभी भी फंसे हुए बताए जा रहे हैं। हालांकि, केदारनाथ धाम के लिए मंगलवार से हेलीसेवा शुरू कर दी गई है। वहीं बिहार में बाढ़ और बारिश से 15 जिलों में 49.67 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।
यूपी के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट
राज्य की 5 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
प्रदेश के 72 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान में 17 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।हरियाणा के 8 जिलों में यलो अलर्ट है, जबकि पंजाब के 18 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद 128 लोग सुरक्षित स्थान पर भेजे
सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी इलाके में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद 28 घरों के 128 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SSDMA) के अनुसार, 14 सितंबर को भारी बारिश और बाढ़ के बाद इलाके का दोबारा जायजा लिया गया।
इसके बाद प्रभावित लोगों को रिंबी ग्राम पंचायत केंद्र में शिफ्ट किया गया। सिंगलिटाम में 7 प्रभावित परिवारों के लिए राहत केंद्र बनाया गया है, जहां 33 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। इनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं।
हिमाचल में अगले 3 दिन बारिश, 18 सितंबर से कमजोर होगा मानसून
हिमाचल प्रदेश (Himanchal Pradesh) में अगले तीन दिन मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
बारिश के कारण अगले 72 घंटे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के मुताबिक, 18 सितंबर से हिमाचल में मानसून कमजोर पड़ना शुरू हो सकता है, लेकिन अभी मानसून की वापसी के संकेत नहीं हैं। प्रदेश में आमतौर पर मानसून की वापसी 25 सितंबर के आसपास होती है।
हिमाचल में सामान्य से 11% कम बारिश
इस मानसून सीजन में 1 जून से 14 सितंबर तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 682.4 मिमी रहती है, जबकि इस बार 605.9 मिमी बारिश हुई है।
किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।