Skip to content

Uttarakhand Heavy Rain Alert: भारी बारिश का अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी की घोषणा, हाईवे बंद, जानिए मानसून का हाल

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ गए हैं। देहरादून समेत कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि मसूरी में भूस्खलन और चमोली में बद्रीनाथ हाईवे प्रभावित होने से प्रशासन अलर्ट पर है।

Uttarakhand Heavy Rain Alert: भारी बारिश का अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी की घोषणा, हाईवे बंद, जानिए मानसून का हाल
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, देहरादून। Uttarakhand Heavy Rain Alert: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया है।

देहरादून (Dehradun School Closed) के जिलाधिकारी ने मंगलवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश (Holiday) घोषित कर दिया है। वहीं पिथौरागढ़ सहित अन्य पर्वतीय जिलों में भी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

9 जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार के लिए उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने इन क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका जताई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में भी 12वीं तक के विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

मसूरी में भूस्खलन

लगातार हो रही बारिश का असर पर्यटन नगरी मसूरी में भी देखने को मिला। लाइब्रेरी क्षेत्र के स्प्रिंग रोड स्थित भंडारी निवास परिसर में भूस्खलन होने से सुरक्षा दीवार (पुश्ता) ढह गई।

इसके साथ ही दो बड़े बांज के पेड़ भी खतरे की जद में आ गए हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। स्थानीय प्रशासन और आपदा कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दे दी गई है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है।

घरों में घुसा बारिश का पानी

देहरादून जिले के डोईवाला-ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर भानियावाला फ्लाईओवर के नीचे भारी जलभराव हो गया। आसपास के कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसाती नालों पर अतिक्रमण और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष यह समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

चमोली में बद्रीनाथ हाईवे प्रभावित

चमोली जिले में लगातार बारिश के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कंचनगंगा क्षेत्र में बाधित हो गया है। हालांकि पागलनाला और भनेरपानी मार्ग खुले हुए हैं, लेकिन कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है। नारायणबगड़ बाजार में भी पानी और मलबा आने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क संपर्क भी प्रभावित होने की सूचना है।

मौसम विभाग ने हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।