डेली संवाद, जयपुर। Air India: फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की बुधवार सुबह जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान को हाईजैक करने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय जयपुर डायवर्ट किया गया, जहां लैंडिंग के बाद विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने जांच शुरू की।
हाईजैक की सूचना के बाद अलर्ट हुईं सुरक्षा एजेंसियां
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों को विमान को हाईजैक किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद विमान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे जयपुर डायवर्ट किया गया और वहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
विमान के जयपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जांच के लिए विमान के अंदर पहुंचे। अधिकारियों ने विमान की सुरक्षा और संभावित संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की।
मंगलवार शाम फ्रैंकफर्ट से भरी थी उड़ान
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के मुताबिक, विमान ने मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे बुधवार सुबह करीब 4:15 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन हाईजैक की सूचना के बाद इसे जयपुर की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
जांच के नतीजों का इंतजार
फिलहाल विमान में किसी संदिग्ध गतिविधि के मिलने या जांच के अंतिम नतीजों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।