डेली संवाद, नई दिल्ली (महाबीर जायसवाल)। Lok Sabha Seats 2026: देश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लोकसभा सीटों के संभावित परिसीमन को लेकर राजनीतिक और संवैधानिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक इन्फोग्राफिक के अनुसार, प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 816 हो सकती हैं।
यानी लोकसभा की सीटों में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इस बदलाव का असर देश के लगभग सभी राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व पर पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश संभावित रूप से 120 सीटों के साथ सबसे आगे रहेगा। वहीं, पंजाब सहित अन्य राज्यों की लोकसभा सीटों में भी बढ़ोतरी प्रस्तावित है।
पंजाब में भी बढ़ेंगी लोकसभा सीटें, 13 से होंगी 20
इस प्रस्तावित परिसीमन में पंजाब को भी बड़ा फायदा मिलता दिखाई दे रहा है। केंद्रीय मंत्री द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पंजाब की लोकसभा सीटें मौजूदा 13 से बढ़कर 20 हो सकती हैं। यानी राज्य में 7 नई लोकसभा सीटें बढ़ने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इसी तरह हरियाणा की सीटें 10 से बढ़कर 15 और हिमाचल प्रदेश की सीटें 4 से बढ़कर 6 हो सकती हैं। चंडीगढ़ में भी लोकसभा सीटों की संख्या 1 से बढ़ाकर 2 करने का प्रस्तावित आंकड़ा सामने आया है।
परिसीमन के बाद किस राज्य में कितनी होंगी लोकसभा सीटें?
केंद्रीय मंत्री के साझा किए गए इन्फोग्राफिक के अनुसार, राज्यों की मौजूदा और प्रस्तावित सीटों का विवरण इस प्रकार है:
राज्य | मौजूदा सीटें | प्रस्तावित सीटें |
|---|---|---|
उत्तर प्रदेश | 80 | 120 |
महाराष्ट्र | 48 | 72 |
पश्चिम बंगाल | 42 | 63 |
बिहार | 40 | 60 |
तमिलनाडु | 39 | 59 |
मध्य प्रदेश | 29 | 43 |
कर्नाटक | 28 | 42 |
गुजरात | 26 | 39 |
आंध्र प्रदेश | 25 | 38 |
राजस्थान | 25 | 38 |
ओडिशा | 21 | 31 |
केरल | 20 | 30 |
तेलंगाना | 17 | 26 |
असम | 14 | 21 |
झारखंड | 14 | 21 |
पंजाब | 13 | 20 |
छत्तीसगढ़ | 11 | 16 |
हरियाणा | 10 | 15 |
उत्तराखंड | 5 | 8 |
हिमाचल प्रदेश | 4 | 6 |
अरुणाचल प्रदेश | 2 | 3 |
गोवा | 2 | 3 |
मणिपुर | 2 | 3 |
मेघालय | 2 | 3 |
त्रिपुरा | 2 | 3 |
मिजोरम | 1 | 2 |
नागालैंड | 1 | 2 |
सिक्किम | 1 | 2 |
स्रोत: केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा साझा किए गए प्रस्तावित आंकड़े।
केंद्र शासित प्रदेशों में भी बढ़ेंगी सीटें
केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली की लोकसभा सीटें 7 से बढ़कर 11 और जम्मू-कश्मीर की 5 से बढ़कर 7 होने का अनुमान है। वहीं चंडीगढ़ और पुडुचेरी की सीटें 1 से बढ़कर 2 हो सकती हैं।
दूसरी ओर, लद्दाख, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सीटों की संख्या 1-1 ही रहने का प्रस्तावित अनुमान है। दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव की 2 सीटों में भी बदलाव नहीं दिखाया गया है।
क्या है परिसीमन का नया फॉर्मूला?
प्रस्तावित परिसीमन योजना के तहत लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़ाकर 816 करने की तैयारी है। सदन की अधिकतम संवैधानिक क्षमता को 850 तक करने का प्रावधान भी प्रस्तावित है।
इस योजना के तहत संसदीय क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय करने की बात कही गई है। साथ ही राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को 1971 की जनसंख्या के आधार पर 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों के प्रतिनिधित्व के अनुपात को प्रभावित होने से बचाना बताया गया है।
2029 के चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
इस पूरी कवायद का एक प्रमुख उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। सरकार इसे महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बता रही है।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि परिसीमन का प्रस्ताव देश के उत्तर और दक्षिण सहित सभी राज्यों के प्रतिनिधित्व में संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
फिलहाल क्या है स्थिति?
ध्यान देने वाली बात यह है कि 816 सीटों का आंकड़ा प्रस्तावित परिसीमन का खाका है। इसे अंतिम सीट आवंटन नहीं माना जा सकता। संबंधित विधेयकों को संसद की मंजूरी और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परिसीमन की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।