Skip to content

Jalandhar News: आईकेजी पीटीयू के 15वें दीक्षांत समारोह में 1,644 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं डिग्रियां

आई. के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आईकेजी पीटीयू), कपूरथला का 15वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया।

Jalandhar News: आईकेजी पीटीयू के 15वें दीक्षांत समारोह में 1,644 विद्यार्थियों को प्रदान की गईं डिग्रियां
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, जालंधर/कपूरथला। Jalandhar News: आई. के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आईकेजी पीटीयू), कपूरथला का 15वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया। समारोह में पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के चांसलर श्री गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

दीक्षांत समारोह में विभिन्न विषयों के शोधार्थियों, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं स्नातक विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए उन्हें डिग्रियां प्रदान की गईं। समारोह की शुरूआत माननीय राज्यपाल के आगमन के साथ हुई।

डिग्रियां प्रदान की गई

इसके बाद वंदे मातरम्, शबद गायन, पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं दीक्षांत समारोह के औपचारिक उद्घाटन की रस्में संपन्न हुईं। कुलपति प्रो (डा) अरविन्द कुमार बंसल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके बाद पीएच.डी. डिग्रियां प्रदान की गईं।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने सभी डिग्री प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज, प्रदेश एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना भी होना चाहिए।

पंजाब के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया

उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, उत्कृष्टता और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने तथा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उद्यमिता, रोजगार सृजन, वैज्ञानिक सोच एवं नशामुक्त पंजाब के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान संबंधी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उभरती प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने, उद्योगों के साथ सहयोग मजबूत करने तथा सामाजिक एवं ग्रामीण समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

पीएच.डी. की डिग्रियां प्रदान की

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरविंद कुमार बंसल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं नवाचार संबंधी उपलब्धियों का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि 15वीं कन्वोकेशन में इंजीनियरिंग, प्रबंधन, फार्मेसी, मानव मूल्यों क्षेत्रों से संबंधित 1,094 शोधार्थियों को पीएच.डी. की डिग्रियां प्रदान की गईं हैं।

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2016 से 2023 के दौरान शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए 281 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को एवं 269 स्नातक विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया है। अनुसंधान उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कुलपति प्रो (डा) अरविन्द कुमार बंसल ने बताया कि बीते शैक्षणिक वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय को पांच पेटेंट प्राप्त हुए।

लगभग 63.9 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई

विश्वविद्यालय ने तीन वित्तपोषण एजेंसियों के सहयोग से तीन प्रायोजित अनुसंधान परियोजनाएं भी संचालित कीं, जिनके लिए लगभग 63.9 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, दो संस्थाओं से लगभग 1.78 लाख रुपये मूल्य की चार परामर्श परियोजनाएं प्राप्त हुईं।

उपलब्धियों में कुलपति डा. बंसल ने बताया कि नवीनतम स्कोपस रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान में विश्वविद्यालय के शोध पत्रों की कुल संख्या 7,467 हो गई है। इनमें लगभग 1,000 शोध पत्र मुख्य परिसर एवं संघटक परिसरों के संकाय सदस्यों के योगदान से प्रकाशित हुए हैं।

कन्वोकेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई

शैक्षणिक वर्ष 2025–26 के दौरान विश्वविद्यालय परिसरों ने 118 शोध पत्र प्रकाशित किए, जिनमें 52 एससीआई और 39 स्कोपस अनुक्रमित शोध पत्र शामिल हैं। रजिस्ट्रार डॉ. नवदीपक संधू ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

उन्होंने मुख्यातिथि राज्यपाल पंजाब ग़ुलाब चंद कटारिया जी, यूनिवर्सिटी के बोर्ड आफ गवर्नर्स चेयरमैन एवं सदस्यों में शामिल प्रो संजीव कुमार शर्मा कुलपति महाराजा रंजीत सिंह स्टेट टेक्निकल यूनिवर्सिटी बठिंडा, अकादमिक कॉउंसिल सदस्यों, सभी डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों, फैकल्टी सदस्यों एवं मेहमानों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने मिलकर कन्वोकेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

समारोह के अंत में कुलपति प्रो अरविंद कुमार बंसल द्वारा सभी डिग्री हासिल करने वालों को दीक्षांत शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने ईमानदारी, व्यावसायिक उत्कृष्टता तथा समाज और राष्ट्र की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।