Skip to content

Punjab News: एयरपोर्ट पर देर रात हड़कंप, संदिग्ध ड्रोन दिखने पर रनवे ऑपरेशन रोके; यात्रियों ने किया हंगामा

अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद रनवे ऑपरेशन रोक दिए गए। एयर इंडिया की AI-855 को दिल्ली वापस भेजा गया, जबकि इंडिगो की 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

Punjab News: एयरपोर्ट पर देर रात हड़कंप, संदिग्ध ड्रोन दिखने पर रनवे ऑपरेशन रोके; यात्रियों ने किया हंगामा
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, अमृतस​र। Punjab News: पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास रविवार देर रात संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट पर रनवे ऑपरेशन रोक दिए गए, जिसके कारण अमृतसर आने वाली दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेजा गया, जबकि मुंबई से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। इस दौरान अचानक उड़ानों का रूट बदलने से कई यात्री परेशान हुए और एयरपोर्ट पर हंगामा भी हुआ।

रात करीब 9:30 बजे दिखाई दिए 2 से 3 ड्रोन

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के आसमान में दो से तीन ड्रोन उड़ते हुए देखे।

जवानों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और एहतियात के तौर पर रनवे ऑपरेशन रोक दिए गए। इस कार्रवाई के कारण अमृतसर पहुंचने वाली दो उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य होने की जानकारी सामने आई।

एयर इंडिया और इंडिगो की फ्लाइट्स डायवर्ट

संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद हवाई यातायात प्रभावित हुआ। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रभावित उड़ानें इस प्रकार हैं:

एयर इंडिया AI-855: दिल्ली से अमृतसर आ रही फ्लाइट को वापस दिल्ली भेज दिया गया।

इंडिगो 6E-5028: मुंबई से अमृतसर आ रही फ्लाइट को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

अचानक उड़ानों का रूट बदलने से कई यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी उनसे बात करने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सितंबर में भी ड्रोन गतिविधि से प्रभावित हुई थीं 7 उड़ानें

अमृतसर एयरपोर्ट के पास ड्रोन दिखाई देने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले सितंबर में भी संदिग्ध ड्रोन गतिविधि के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ था। जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर को रात करीब 9:40 से 9:50 बजे के बीच एयरपोर्ट के रनवे और ऑपरेशनल एरिया के पास आसमान में कुछ ड्रोन देखे गए थे।

इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट का संचालन करीब 90 मिनट तक रोक दिया गया था। उस दौरान मलेशिया एयरलाइंस, एयर इंडिया और इंडिगो समेत विभिन्न एयरलाइंस की अमृतसर आने वाली सात कमर्शियल उड़ानों को डायवर्ट कर दिल्ली और चंडीगढ़ भेजा गया था।

जांच में खेल प्रतियोगिता के दौरान ड्रोन उड़ाने की बात आई थी सामने

सितंबर की घटना के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में सामने आया था कि ड्रोन एयरपोर्ट के पास स्थित एक गांव में आयोजित खेल प्रतियोगिता के दौरान उड़ाए जा रहे थे। उस मामले में शुरुआती जांच के आधार पर ड्रोन गतिविधि को जासूसी या सुरक्षा चूक से जोड़ने की पुष्टि नहीं हुई थी।

हालांकि, रविवार देर रात सामने आई नई घटना के संबंध में ड्रोन की पहचान और उनके उड़ाए जाने के उद्देश्य को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। फिलहाल एयरपोर्ट की सुरक्षा और हवाई यातायात से जुड़े घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है।