Skip to content

Punjab News: पंजाब में सनसनीखेज वारदात, युवक को गैंगस्टर समझकर कार पर चलाई गोली; एक ने तोड़ा दम

पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण में बुधवार दोपहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। गैंगस्टरों से धमकियां मिलने के डर के बीच एक आढ़ती और ट्रांसपोर्टर ने पीछे आ रही कार में सवार लोगों को कथित तौर पर शूटर समझकर गोली चला दी।

Punjab News: पंजाब में सनसनीखेज वारदात, युवक को गैंगस्टर समझकर कार पर चलाई गोली; एक ने तोड़ा दम
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

डेली संवाद, तरनतारन। Punjab News: पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण में बुधवार दोपहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। गैंगस्टरों से धमकियां मिलने के डर के बीच एक आढ़ती और ट्रांसपोर्टर ने पीछे आ रही कार में सवार लोगों को कथित तौर पर शूटर समझकर गोली चला दी।

इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीछे आ रही कार को शूटर समझकर की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, आरोपी मनजीत सिंह कट्टा अपनी पत्नी के साथ घरियाला मंदिर में माथा टेकने के बाद कार से खेमकरण लौट रहा था। जब वह मेहंदीपुर गांव के चौराहे के पास पहुंचा, तो उसके पीछे एक अन्य गाड़ी आ रही थी।

बताया जा रहा है कि मनजीत सिंह कट्टा को शक हुआ कि पीछे आ रही गाड़ी में गैंगस्टरों के शूटर सवार हैं। इसी संदेह के चलते उसने रेलवे गेट के पास पीछे आ रही गाड़ी पर फायरिंग कर दी। घटना बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। गोली लगने से दूसरी गाड़ी में सवार तीन लोग घायल हो गए।

एक घायल की मौत, दो की हालत गंभीर

फायरिंग में गुरसेवक सिंह, हरकीरत सिंह और साजन सिंह घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गुरसेवक सिंह ने दम तोड़ दिया। गुरसेवक सिंह की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है और वह तरनतारन जिले के गांव आसल का निवासी था।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

वहीं, हरकीरत सिंह और साजन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

कई दिनों से मिल रही थीं धमकियां

मनजीत सिंह कट्टा आढ़ती होने के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट का कारोबार भी करता है। उसके मुताबिक, उसे पिछले कई दिनों से गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही थीं। इसी के चलते उसकी सुरक्षा के लिए एक पुलिस कांस्टेबल भी तैनात किया गया था। इसके अलावा उसने अपनी सुरक्षा के लिए निजी बाउंसर भी रखे हुए थे।

आरोपी ने घटना के बाद दावा किया कि उसे धमकियां देने वाले लोग जबरन वसूली में शामिल हैं और उसे अपनी जान का खतरा था। हालांकि, धमकियों के डर के कारण किसी वाहन में सवार लोगों पर गोली चलाना मामले को गंभीर बना देता है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एसपी बोले- गैंगस्टर ग्रुप से संबंध नहीं

तरनतारन के एसपी सुखनिंदर सिंह के मुताबिक, शुरुआती तौर पर इस घटना का किसी गैंगस्टर ग्रुप से संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस उस हथियार की भी जांच कर रही है, जिससे फायरिंग की गई। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कहां से आया और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

एसएसपी सुरिंदर लांबा ने कहा कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति पर गोली चलाना गंभीर अपराध है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। डीएसपी अतुल सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में घटना की परिस्थितियों, हथियार के स्रोत और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।