डेली संवाद, कामरूप (असम)। Assam Train Accident: असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। कामरूप जिले में सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, रेलवे की ओर से जारी जानकारी में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही गई है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अनुसार, हादसा डिगारू स्टेशन पर हुआ। ट्रेन को दूसरी लाइन पर ले जाने के दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति कम नहीं कर सका। इसके चलते ट्रेन डेड एंड पर लगाए गए बैरिकेड्स से टकरा गई और इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
लोको पायलट का VIDEO आया सामने
रेल हादसे से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोको पायलट इंजन के केबिन में तकनीकी खराबी की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। करीब 4 सेकेंड के इस वीडियो में इंजन का कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले और अन्य उपकरण दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में लोको पायलट कहते सुनाई देते हैं, "कुछ भी काम नहीं कर रहा। सिग्नल रेड हैं। इमरजेंसी लगा हुआ है, काम नहीं कर रहा है। S-9, A-9 कुछ भी काम नहीं कर रहा है।"
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
बताया जा रहा है कि S-9 और A-9 ट्रेन के ब्रेक सिस्टम से जुड़े नाम हैं। वीडियो सामने आने के बाद ट्रेन के ब्रेक सिस्टम और तकनीकी खराबी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पटरी से उतरे डिब्बों से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे की ओर से प्रभावित यात्रियों के आगे के सफर के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की गई। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने घटनास्थल पर राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया।
जांच में सामने आएंगे अहम सवाल
इस दुर्घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल ट्रेन के ब्रेक सिस्टम में आई कथित खराबी को लेकर उठ रहा है। लोको पायलट के वीडियो में सिग्नल रेड होने और ब्रेक सिस्टम काम नहीं करने की बात सामने आई है।
अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि ट्रेन की गति नियंत्रित क्यों नहीं हो सकी और तकनीकी खराबी का हादसे से क्या संबंध था।